नोएडा। सेक्टर-62 गोलचक्कर के पास बस से उतर कर सड़क पार कर रहे दंपती को तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने रौंद दिया। सोमवार दोपहर हुए हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पति-पत्नी मुरादाबाद से सेक्टर-128 निवासी रिश्तेदार से मिलने आ रहे थे। रिश्तेदार ने युवक को राजमिस्त्री की नौकरी दिलाने के लिए बुलाया था। दोनों की शिनाख्त मुरादाबाद के पीपल गांव निवासी लक्की (28) और पत्नी निक्की (25) के रूप में हुई है। हादसे के बाद चालक पिकअप वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। रिश्तेदार ने लक्की को राजमिस्त्री की नौकरी दिलाने के लिए बुलाया था।
पुलिस के मुताबिक सोमवार सुबह लक्की और निक्की अपने रिश्तेदार से मिलने के लिए मुरादाबाद से बस में सवार हुए थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे रोडवेज बस ने दोनों को सेक्टर-62 गोलचक्कर के पास उतार दिया। बस से उतरते ही दोनों दूसरी बस पकड़ने के लिए रोड पार कर रहे थे। पीछे की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने दंपती को टक्कर मार दी। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई और जाम की स्थिति भी बन गई।
मौके पर पहुंची कोतवाली सेक्टर-63 पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसीपी अब्दुल कादिर ने बताया कि हादसे के बाद परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस वाहन नंबर के आधार पर मालिक और चालक की तलाश कर रही है। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर परिजनों की तरफ से कोई शिकायत मिलती है तो एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
म़तक लक्की