जेवर में 1 दिन के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी बनी 12वीं की छात्रा कोमल राजपूत।
- फोटो : Grnoida
डीपीआरओ बनी छात्रा ने सुनी शिकायतें
जेवर। मिशन शक्ति अभियान के तहत मंगलवार को जेवर के छोटे से गांव मोहवलीपुर की कोमल राजपूत ने विकास विभाग में एक दिन के लिए जिला पंचायती राज अधिकारी (डीपीआरओ) का कार्यभार संभाला। इस दौरान कोमल ने विभाग में शिकायतों और समस्याओं को सुनने के साथ ही समाधान भी किया। साथ ही विभाग में लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से निपटाने के आदेश दिए। इससे पहले भी कोमल एक दिन के लिए अपर मुख्य अधिकारी का कार्यभार संभाल चुकी हैं। कोमल के पिता नाहर सिंह पेशे से किसान हैं। कोमल नीमका स्थित रेडिसन द स्कूल में 12वीं की छात्रा हैं।
जिला पंचायत राज अधिकारी कुंवर सिंह यादव ने बताया कि कोमल राजपूत को एक दिन के लिए डीपीआरओ का कार्य सौंपा गया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने गांव में विकास कार्यों को लेकर समस्या और शिकायतों के ज्ञापन लेने के साथ ही उनके निस्तारण के आदेश दिए। कार्यालय में मौजूद सभी ने छात्रा की कार्यशैली की तारीफ करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। इस मौके पर ग्राम प्रधान लौदोना कृष्ण कुमार गढ़ी ग्राम प्रधान अतीश कुमार, मोहवलीपुर प्रधान पति भीम छौंकर आदि मौजूद रहे।