नगीना। शहर से बिजली कार्यालय जाने वाली मुख्य सड़क बदहाल है। इस रास्ते से गुजरते वाले वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में लोग संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत भी कर चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। इससे रोष है। लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करेंगे।
इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों लोग गुजरते हैं। बिजली कार्यालय में बिल जमा करने के लिए आता है तो कोई नया कनेक्शन के लिए। लेकिन, इस मार्ग की तरफ अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। सड़क पर गड्ढों के कारण वाहन चालक हिचकोले खाने को मजबूर है। चालकों को वाहन खराब होने का डर भी लगा रहता है। निगम के दफ्तर में विभाग का एसडीओ भी बैठता है। दो-तीन जेई बैठते हैं। यहां से पिनगवां के लिए बिजली की आपूर्ति की जाती है। फिर भी बिजली कार्यालय जाने वाली सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। क्षेत्रवासी समय चंद, लल्लूराम नंबरदार, मजीद, सुलेमान, कलीम, करीम खान, आजम, फतेह मोहम्मद और सुलेमान ने कहा कि बिजली कार्यालय जाने के लिए यह मुख्य मार्ग है। इस रास्ते को बनाना अति आवश्यक है। इसलिए सरकार और विभाग को इस ओर ध्यान देने की जरूरत है। ताकि क्षेत्र के लोगों को आने-जाने में परेशानियों का सामना ना करना पड़े।
इस बारे में बिजली निगम के एसडीओ नीरज त्यागी का कहना है कि इस रास्ते को बनवाने के लिए विभाग और जिला प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है। इस बदहाल रास्ते के कारण क्षेत्र के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उम्मीद है जल्द ही इस रास्ते का निर्माण किया जाएगा।