ग्रेटर नोएडा। सेक्टर बीटा-दो कोतवाली पुलिस और पेचकस गिरोह के दो बदमाशों में रविवार शाम यमुना एक्सप्रेसवे पर मुठभेड़ हो गई। इस दौरान 20 हजार के इनामी के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
डीसीपी अमित कुमार ने बताया कि यमुना एक्सप्रेसवे पर पेचकस गिरोह सक्रिय है। गिरोह के चार बदमाशों को चिह्नित किया गया था। इनमें से दो बदमाश वांछित थे। रविवार को इनके आने की सूचना मिली थी। दोनों बाइक से यमुना एक्सप्रेसवे पर पहुंचे तो पुलिस ने पीछा किया, लेकिन गड्ढे के कारण बाइक गिर गई। इस पर बदमाशों ने पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान हेमंत शर्मा निवासी जट्टारी अलीगढ़ के रुप में हुई है, जबकि फरार बदमाश का नाम टिंकल है। हेमंत के पास से पुलिस ने चोरी की बाइक, तमंचा व अन्य सामान बरामद किया है।