ग्रेटर नोएडा के जेवर में बिजली घर का निरीक्षण करते जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ।
- फोटो : Grnoida
ग्रेटर नोएडा (मनोज कुमार)। नोएडा एयरपोर्ट की बिजली आपूर्ति के लिए रबूपुरा के पास बनाए जा रहे 220 केवी का बिजली सबस्टेशन का काम करीब-करीब पूरा हो गया है। कई दिनों से इसकी टेस्टिंग की जा रही है। माना जा रहा है कि छोटे-मोटे बचे काम पूरा करने के बाद जुलाई के दूसरे सप्ताह तक इसे शुरू कर दिया जाएगा। सबस्टेशन से रनवे, टर्मिनल बिल्डिंग और एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर को बिजली दी जानी है। इसके अलावा पूरे जेवर क्षेत्र के छह अन्य सबस्टेशनों को इसी से बिजली की आपूर्ति की जाएगी। इससे जेवर, रबूपुरा और जहांगीरपुर कस्बों के करीब 150 गांवों की करीब 4 लाख की आबादी को बिजली कटौती की समस्या से निजात मिलेगी। सबस्टेशन का निर्माण करीब 125 करोड़ की लागत से किया जा रहा है।
जेवर, रबूपुरा, बंकापुर, जहांगीरपुर समेत 6 उपकेंद्रों को अभी तक खुर्जा और अलीगढ़ से बिजली मिल रही थी। खुुर्जा से जेवर तक आने वाली बिजली लाइन की लंबाई करीब 35 और अलीगढ़ से आने वाली लाइन की लंबाई करीब 30 किमी है। लाइन पुरानी होने के कारण जरा सी हवा चलने पर भी फाल्ट हो जाता था और बिजली गायब हो जाती थी। गर्मियों में लोड के कारण फाल्ट हो जाता था। वहीं बारिश, आंधी के कारण अकसर बिजली गुल रहती है। जबकि सर्दियों में भी ठंड के कारण अकसर फाल्ट हो जाते हैं। पूरी तरह माना जाए तो साल भर में मात्र तीन माह ही बिजली मिल पाती है। बाकी समय तो फाल्ट और लोड के कारण आपूर्ति ठप रहती है, लेकिन 220 केवी का बिजली घर चालू होने के बाद यह समस्या खत्म हो जाएगी।
15 हजार वर्गमीटर जमीन पर हुआ निर्माण
ट्रांसमिशन के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार ने बताया कि विद्युत निगम लगातार हाईटेक हो रहा है। पहले 220 केवी के बिजली सबस्टेशन बनाने के लिए कम से कम 50 हजार वर्गमीटर जमीन की आवश्यकता पड़ती थी। मगर अब तकनीक में बदलाव के कारण उसी क्षमता का स्टेशन केवल 15 हजार वर्गमीटर जमीन पर बनाया गया है।
220 केवी के बिजली सबस्टेशन का काम ट्रांसमिशन ने लगभग पूरा कर लिया है। टेस्टिंग की प्रक्रिया चल रही है। बचे कार्य 30 जून तक पूरे कर लिए जाएंगे। जुलाई के दूसरे सप्ताह तक सबस्टेशन चालू कर दिया जाएगा।- रामपाल, अधीक्षण अभियंता, ट्रांसमिशन।
आजादी के बाद पहली बार जेवर की जनता को अपने क्षेत्र से बिजली मिलेगी। 220 केवी का बिजली सबस्टेशन चालू होने नोएडा एयरपोर्ट के विकास कार्यों को गति मिलेगी। साथ ही जेवर विधानसभा की चार लाख आबादी को भी बिजली कटौती की समस्या मुक्ति मिलेगी।- धीरेंद्र सिंह, विधायक, जेवर विधान सभा।