ग्रेटर नोएडा। कार में लिफ्ट देकर ठगी और लूटपाट करने वाले गिरोह ने एक और वारदात की है। इस बार बदमाशों ने बेटी की शादी के लिए 50 हजार रुपये उधार लेकर जा रहे किसान को लिफ्ट देकर पैसे उड़ा लिए। पीड़ित का कहना है कि बदमाशों की कार में पुलिस वाहन के सायरन जैसी आवाज आ रही थी। पुलिस ने चोरी और ठगी की धारा में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कासना थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक बरेली के गांव नान निवासी सतीश कासना कस्बे में रहने वाली बड़ी बेटी और दामाद आकाश गुप्ता से मिलने आए थे। दिवाली के बाद सतीश की छोटी बेटी की शादी है। शादी के लिए दामाद से 50 हजार रुपये उधार लेकर बरेली जा रहे थे। सुबह 11:30 बजे कासना बस स्टैंड के पास वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान कार पास आकर रुकी। आरोपियों ने पूछने पर सतीश ने बरेली जाने की बात कही। आरोपियों ने लिफ्ट देते हुए कहा कि वह उन्हें बुलंदशहर छोड़ देंगे। जहां से बरेली के लिए आसानी से बस मिल जाएगी। रास्ते में आरोपियों ने उनसे पूछा कि वह गांजा तो नहीं बेचते। आरोपियों ने चेकिंग का नाम लेकर उनसे नोटों भरा थैला ले लिया। इसके बाद आरोपियों ने सतीश को पंचायतन गांव के पास यह कहकर उतार दिया कि उन्हें थाने में एंट्री कराने जाना है। पीड़ित के मुताबिक आरोपी पुलिसकर्मियाें जैसे बर्ताव कर रहे थे। उनकी कार में पुलिस सायरन की आवाज आ रही थी। इसके चलते वह कार से उतर गए और बदमाश उन्हें छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू की है।