-आईपीयू के आठ प्रोग्राम में होने हैं दाखिले, एक हजार रुपया भागीदारी शुल्क करना होगा जमा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (आईपीयू) के आठ प्रोग्राम में दाखिले के तीसरे दौर की काउंसलिंग प्रक्रिया 21 जुलाई से शुरु हो रही है। ये आठ प्रोग्राम में एमबीए (कैट के जरिए) बीसीए, बीएड, बीबीए, बीटेक, लैटरल एंट्री टू बी टेक (डिप्लोमा होल्डर के लिए) बीएड (स्पेशल एजुकेशन) और बीए एलएलबी, बीबीए एलएलबी शामिल हैं। जिन आवेदकों ने 1500 रुपये आवेदन शुल्क के जमा कर रखे हैं वे एक हजार रुपये की काउंसलिंग भागीदारी फीस 21 जुलाई से 22 जुलाई तक जमा कर सकते हैं।
वहीं, जिन आवेदक ने 1,500 रुपये आवेदन शुल्क के रूप अभी तक जमा नहीं कराए हैं वे उसे भी इस अवधि में जमा करा सकते हैं। इन आठ प्रोग्राम के लिए विकल्प चयन 21 जुलाई से 23 जुलाई तक उपलब्ध रहेगा। वहीं दस्तावेजों के सत्यापन का अवसर 22 जुलाई से 23 जुलाई तक उपलब्ध रहेगा। इन प्रोग्राम के लिए आयोजित तीसरे दौर की ऑनलाइन काउंसलिंग का परिणाम 24 या 25 जुलाई को घोषित किया जाएगा। इसके बाद ऑनलाइन स्लाइडिंग राउंड उन आवेदकों के लिए होगा जिन्हें कोई सीट मिली है और जिन्होंने पार्ट अकादमिक फीस जमा कर दी है। इस राउंड का परिणाम 27 जुलाई को घोषित किया जाएगा। इस राउंड के परिणाम के बाद छात्रों को 30 जुलाई तक आवंटित इंस्टीट्यूट में रिपोर्ट करना है। आवंटित सीट को 31 जुलाई तक निरस्त किया जा सकता है। इसके संबंध में अधिक जानकारी यूनिवर्सिटी की दोनों वेबसाइट https://ipu.admissions.nic.in और https://ipu.ac.in से प्राप्त की जा सकती है।