ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय की पार्किंग में एक कुआं नुमा गड्ढे में कार गिरने और चालक के फंसने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि, मौके पर पहुंचे लोगों व पुलिसकर्मी ने चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद क्रेन की मदद से कार को भी निकाल लिया गया। लोगों का कहना है कि कई दिन यहां गड्ढा बना हुआ है। इसके बंद नहीं किया गया, इसकी वजह से हादसा हुआ है। बताया गया है कि मंगलवार दोपहर एक व्यक्ति किसी काम से पुलिस आयुक्त कार्यालय आया था। काम समाप्त करने के बाद वह कार बैक कर रहा था। इसी दौरान कार गड्ढे में गिर गई। लोगों का कहना है कि गड्ढे में बारिश का पानी भी भरा है। वहीं, सोशल मीडिया पर पुलिस आयुक्त कार्यालय में कुएं में कार गिरने का वीडियो वायरल हुआ है।
वाहन चुराने वाले दो गिरफ्तार, ब्रेजा बरामद
कोतवाली फेज थ्री पुलिस ने वाहन चुराने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी की गई ब्रेजा कार बरामद की गई है। नोएडा सेंट्रल जोन के एसीपी प्रथम अब्दुल कादिर ने बताया कि कोतवाली फेज थ्री पुलिस की टीम ने सोमवार रात को हिंडन पुल के पास से मुजफ्फरनगर में नई मंडी निवासी हिमांशु व भौपा निवासी रवि तोमर को गिरफ्तार किया। इनके पास से चोरी की ब्रेजा कार बरामद की गई है। कार इंदिरापुरम से चोरी की गई थी। दोनों एनसीआर व पश्चिमी यूपी में कई वारदात कर चुके हैं। गिरफ्तार हिमांशु पर तीन और रवि तोमर पर अलग-अलग जनपद के थानों में 17 एफआईआर दर्ज हैं।
अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत
सेक्टर-63 के पास सोमवार रात पैदल जा रहे युवक को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। उसे गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-75 निवासी आयुष (20) सोमवार रात सेक्टर-63 के पास से पैदल जा रहे थे, तभी पीछे से आए वाहन चालक ने लापरवाही और तेजी से गाड़ी चलाते हुए आयुष को टक्कर मार दी। पुलिस ने आसपास के लोगों की सहायता से उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई।