दादरी। सेक्टर ओमीक्रान वन के मकान में रेव पार्टी कर हंगामा कर रहे दस नाइजीरियाई पुरुष और महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके पास से बीयर की 217 केन, अंग्रेजी शराब की 17 बोतलें और 310 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस विदेशी नागरिकों के वीजा समेत अन्य दस्तावेज की जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान जुलियस खावलेह, कोते सेकेऊ, अबूबकर गोएटा, लाओसे, यूजोई एमेके जॉनी, ओपुते ब्लेसिंग चिसॉन, राबिया, अग्बाई अनीता एल्विस, यूजॉएग्वे प्रेशियश एजीने और एम्युनल चिडिंमा के रूप में हुई है।
सेक्टर ओमीक्रान वन के मकान संख्या सी-51 में रविवार रात को नाइजीरिया के पांच पुरुष और पांच युवतियां रेव पार्टी कर रहे थे। शोर-शराबा और हंगामा होने से आसपास निवासियों को परेशानी हो रही थी। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से की। रेव पार्टी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मकान की घेराबंदी कर दरवाजा खुलवाया। मकान के एक कमरे से बीयर की 217, अंग्रेजी शराब की 17 बोतलें और 310 ग्राम गांजा बरामद हुआ। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि मामले में पांच महिलाओं समेत दस नाइजीरियाई नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि सेक्टर में रहने वाले अन्य विदेशी नागरिकों की भी जांच की जाएगी। अहम है कि ग्रेनो में हाल ही में चीन के नागरिकों का क्लब बनाकर अवैध रूप से विदेशी शराब मुहैया कराने की बात सामने आई थी। क्लब के लिए बार का लाइसेंस भी नहीं लिया गया था।