नगीना। बृहस्पतिवार को छुट्टी के बाद मेवात मॉडल स्कूल नगीना में कार्यरत कर्मचारियों ने स्कूल गेट के सामने प्रदर्शन किया। 31 मार्च 2021 तक का वेतन मेवात मॉडल स्कूल सोसाइटी दे चुकी है तथा इसके बाद 6 महीने का वेतन शिक्षा विभाग हरियाणा ने नहीं दिया है। कर्मचारियों का आरोप है कि मुख्यमंत्री के आदेश पर एमडीए के 8 स्कूलों को इस साल शिक्षा विभाग में समायोजित कर दिया गया था। इस बारे में वित्त विभाग ने बजट के लिए प्रस्ताव भी मंजूर किया।
मेवात मॉडल स्कूल वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान सतीश खटाना व उप प्रधान विजेंदर सिंह व महासचिव निसार अहमद ने चेतावनी देते हुए बताया कि अगर अतिशीघ्र वेतन नहीं मिला तो सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के साथ मिलकर जिला मुख्यालय नूंह पर प्रदर्शन किया जाएगा। इस बारे में शुक्रवार को सभी खंड व आठ स्कूलों की बैठक नूंह में बुलाई गई है। कर्मचारियों को 6 महीनों से वेतन नहीं मिला है, जिसकी वजह से कर्मचारियों को अपना गुजर-बसर करने में भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। मौके पर ब्लाक नगीना प्रधान सुबेद्दीन, नवीन, सुनील कुमार, कमरुद्दीन, कपिल, शिवचरण, यासीन, कपिल, महमूद खान, शाहीन, सोनू कुमारी, पूजा, नवीन शक्ति, रजमल खान मुख्य रूप से मौजूद थे।