नजफगढ़ में एक शिक्षक शराब के नशे में उप-शिक्षा निदेशक के घर पिस्टल लेकर पहुंचा और जान से मारने की धमकी देने लगा। वहां मौजूद उप-शिक्षा निदेशक के किरायेदार ने किसी तरह उसे समझाकर वापस भेजा। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई।
छानबीन के बाद पुलिस ने न्यू रोशनपुरा, नजफगढ़ निवासी शिक्षक सुनील कुमार (49) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। पुलिस के अनुसार, काम में लापरवाही बरतने की वजह से उप-शिक्षा निदेशक की रिपोर्ट पर सुनील को निलंबित कर दिया गया था।
उसके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए थे। इस बात पर आरोपी ने फोन कर उप-शिक्षा निदेशक को जान से मारने की धमकी दी थी। इस पर पीड़ित ने रणहौला थाने में सुनील के खिलाफ लिखित में शिकायत दी थी। इस संबंध में भी मामला दर्ज कर लिया गया था।
अब दोबारा आरोपी धमकाने की नियत से घर पिस्टल लेकर पहुंच गया। द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त एम. हर्षवर्धन ने बताया कि शिक्षा निदेशालय में उप-शिक्षा निदेशक राजबीर सिंह परिवार के साथ पुराने रोशनपुरा, नजफगढ़ में रहते हैं। आरोप है कि रविवार रात करीब 9 बजे आरोपी सुनील नशे में उनके घर पहुंच गया।