ईकोटेक 3 थाना पुलिस ने बरामद किए वाहन।
- फोटो : Grnoida
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित ऐमनाबाद के पास जलपुरा गांव के जंगल में स्पोर्ट्स वाहनों से स्टंट करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनके वाहन भी जब्त कर लिए हैं। आरोपी साप्ताहिक लॉकडाउन में नियमों को ताक पर रखकर और जान जोखिम में डालकर स्टंट कर रहे थे। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि स्टंटबाजी का आयोजन गुरुग्राम निवासी एक युवक ने किया था। वह स्टंट कर सोशल मीडिया के लिए शार्ट वीडियो बनाकर पोस्ट करता है। अब पुलिस मुख्य आरोपी समेत अन्य की तलाश में जुटी है।
ईकोटेक-3 थाना प्रभारी ने बताया कि ट्विटर व सोशल मीडिया से ऐमनाबाद के पास स्टंट की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर जाकर छानबीन की और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान गाजियाबाद के आर्यन सूरमा, बृजेश शर्मा और नोएडा के सिराज ढींगरा के रूप में हुई। आरोपियों ने बताया कि सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से वह गुरुग्राम निवासी व्यक्ति से जुड़े थे। उसी ने यहां स्टंट का आयोजन किया था। अन्य लोगों को भी आमंत्रित किया था। पुलिस का कहना है आयोजक और अन्य आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
एक्सप्रेसवे पर वाहन में डांस का वीडियो वायरल
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर चलते वाहन में डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो को ट्विटर पर शेयर कर पुलिस से शिकायत की गई है। वीडियो सोमवार दोपहर सूरजपुर से नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र के बीच का बताया जा रहा है। वाहन में महिला, पुरुष व बच्चे बैठे हैं। इसी बीच एक शख्स जान जोखिम में डालकर वाहन में खड़े होकर डांस करने लगता है।
सुबह और शाम जाम से लोग परेशान
यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए भले ही फुट ओवर ब्रिज और सड़क की मरम्मत की जा रही हो, लेकिन मौजूदा समय में इन व्यवस्थाओं के कारण लोगों को सुबह और शाम जाम झेलना पड़ रहा है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। सोमवार को भी कई स्थानों पर लोग जाम से जूझते रहे। नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे पर मरम्मत कार्य चल रहा है। चार लेन के हाईवे पर केवल दो ही लेन खुली हैं। इससे सुबह और शाम जाम लग रहा है। वहीं, दलित प्रेरणा स्थल के पास सुबह मिनी ट्रक खराब होने से जाम की स्थिति बन गई। सूचना पर यातायात पुलिस ने मिनी ट्रक को हटवाया। इसके बाद यातायात को सुचारु किया जा सका। कुछ देर बाद स्टेडियम चौक पर डीटीसी बस खराब हो गई। इससे भी लोगों को जाम का सामना करना पड़ा। हालांकि, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। पर्थला गोलचक्कर पर भी सुबह और शाम पीक ऑवर में जाम से लोगों को दिक्कत हुई।