नोएडा। ऑफलाइन कक्षाओं से विद्यार्थी खुद को निखार रहे हैं। ऑनलाइन पढ़ाई में जहां सभी काम इंटरनेट के माध्यम से हो रहे थे, वहीं अब स्कूलों में जाकर विद्यार्थी सभी काम ऑफलाइन कर रहे हैं। कोरोना संक्रमण के कारण सभी विद्यालयों में ऑनलाइन कक्षाएं संचालित हो रही थीं। विद्यार्थियों में ऑनलाइन पढ़ाई और ऑनलाइन असाइनमेंट जमा करने की आदत बन रही थी। कोरोना संक्रमण के मामले कम होने के बाद विद्यालयों में रौनक लौट आई है। ऑनलाइन शिक्षा के कारण शारीरिक गतिविधियों पर ब्रेक लग गई थी। अब ऑफलाइन शिक्षा से शारीरिक गतिविधियां सहित कई लाभ विद्यार्थियों को हो रहे हैं। स्कूलों में अलग-अलग विषयों पर रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इससे छात्रों को अपनी रचनात्मकता दिखाने का मौका मिल रहा है।
विद्यालयों में रौनक लौट चुकी है। ऑफलाइन कक्षाओं में विद्यार्थी जल्दी समझते हैं। स्कूलों में होने वाली रचनात्मक गतिविधियों में विद्यार्थी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।
- कमलजीत कौर, शिक्षिका
काफी उत्साहित हूं वापस स्कूल लौटकर। अच्छा लग रहा है दोस्तों के साथ पढ़ना। ऑनलाइन में यह नहीं हो पा रहा था।
- निशांत, छात्र
बच्चों ने गीत गाकर मनाया वार्षिकोत्सव
नोएडा (संवाद)। सेक्टर-116 स्थित आर लिटल वंडर्स स्कूल में पहला वार्षिकोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में शामिल बच्चों द्वारा डांस, गीत की प्रस्तुतियां दी गईं। विद्यालय की निदेशक प्रवीन गौतम ने बताया कि यह स्कूल का पहला वार्षिकोत्सव था। विद्यालय में किताबी पढ़ाई के अलावा खेलकूद और मनोरंजन पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर उद्योगपति सुशील कुमार अग्रवाल रहे। उन्होंने कहा कि वार्षिकोत्सव जैसे कार्यक्रम बच्चों में उत्साह पैदा करते हैं।