-ट्रिपल आईटी के विद्यार्थियों व फैकल्टी के लिए कई विशेषज्ञों के सत्र भी हुए आयोजित
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। इंद्रप्रस्थ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (ट्रिपल आईटी दिल्ली) के छात्रों को अपने आइडिया व रिसर्च प्रोजेक्ट को इंडस्ट्री के लोगों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिला। शुक्रवार को ट्रिपल आईटी में रिसर्च इनोवेशन और इनक्यूबेशन शोकेस(राइस) के रूप में छात्रों को एक मंच प्रदान किया गया। इसमें कई कंपनियों व एजेंसी के लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान छात्रों ने खेती करने के लिए ड्रोन टेक्नलॉजी, मेट्रो टिकटिंग सिस्टम, क्यूलिनरी आर्ट को भी इसमें शोकेस किया गया। इसके साथ ही भोजन बनाने में कॉर्बन फुटप्रिंट को कम करने, पौष्टिक भोजन तैयार करने में डेटाबेस का इस्तेमाल जैसे प्रोजेक्ट भी रखे गए।
इस साल राइस को ई-शिखर सम्मेलन के साथ जोड़ा गया था। इस शोकेस में मल्टीकोर सिस्टम, हाई परफॉर्मिंग कंप्यूटिंग सिस्टम, रोबोटिक्स स्पेस टेक के क्षेत्र में चुनौतियों व उनके समाधानों को लेकर चर्चा हुई। ट्रिपल आईटी दिल्ली के निदेशक प्रो रंजन बोस ने कहा कि हम अपने समाज की उभरती जरूरतों को पूरा करने के लिए प्रौद्योगिकी की शक्ति का लाभ उठाने में विश्वास करते हैं और बिल्ड फॉर इंडिया थीम इसी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य शिक्षाविदों, उद्योग और स्टार्टअप्स को एक साथ लाकर नवाचार को बढ़ाना है, जो न केवल प्रासंगिक है, बल्कि भारतीय संदर्भ में भी प्रभावशाली है। इस दौरान एक्सट्रिया के अध्यक्ष और सीईओ जसविंदर चड्ढा ने कहा कि यह प्रतिभाशाली युवा दिमागों के साथ बातचीत करने और एआई, कोडिंग, रोबोटिक्स और क्वांटम कंप्यूटिंग में उनके काम के बारे में जानने के लिए प्रोत्साहित करने वाला है।