अस्पताल में मृत मिली छात्रा, हत्या की आशंका
दादरी कोतवाली क्षेत्र में दो दिन पहले बाजार जाने के बाद से लापता थी
संवाद न्यूज एजेंसी
दादरी। कोतवाली क्षेत्र में रेलवे रोड स्थित एक कॉलोनी से दो दिन पहले गायब छात्रा बुलंदशहर के एक अस्पताल में मृत मिली। सूचना मिलने पर पुलिस व परिजन मौके पर पहुंंचे। आरोप है कि जहरीला पदार्थ खाने से छात्रा की मौत हुई है।
एक परिचित ने छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया और अपना नाम व पता गलत लिखवाकर भाग गया। अस्पताल में लगे सीसीटीवी से परिजनों ने उसकी पहचान की और हत्या का आरोप लगाकर कोतवाली में शिकायत दी है। रेलवे रोड स्थित रामवाटिका काॅलोनी में विनीत परिवार के साथ रहता है। वह मूलरूप से गाजियाबाद का रहने वाला है और ग्रेटर नोएडा की निजी कंपनी में नौकरी करता है। उनकी बड़ी बेटी हाईस्कूल की छात्रा है। एक अगस्त को दोपहर स्कूल से आने के बाद ड्रेस बदलकर बाजार से सामान लेने के लिए कहकर गई थी, उसके बाद वापस नहीं लौटी। देर रात करीब 9 बजे बुलंदशहर के अस्पताल से छात्रा के परिजनों के पास युवती की शिनाख्त करने के लिए फोन आया। वहां पहुंचे तो मृत अवस्था में मिली। डॉक्टर ने बताया कि मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई है। आरोपी ने उपचार के लिए 4 हजार रुपये जमा किए और अपना नाम, पता गलत लिखवाया था। पुलिस ने बताया कि करीब एक साल पहले आरोपी युवती के पड़ोस में किराये पर रहता था। आरोपी पर जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाकर पुलिस से शिकायत की गई है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामला प्रेम प्रंसग का है। जांच में पता चला है कि वह मर्जी से गई थी।