नोएडा। शहर के सबसे सुरक्षित सेक्टर कहे जाने वाले सेक्टर-25 जलवायु विहार में अभी तक पुलिस वकील के घर से 50 लाख की जूलरी-नकदी चुराने के मामले का खुलासा नहीं कर पाई है। अब फिर से इसी सेक्टर के एक फ्लैट का ताला तोड़कर बदमाश तीन लाख की जूलरी व दो लाख रुपये चुराकर ले गए। कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
जी ब्लॉक निवासी रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन शमशाद ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि जलवायु विहार में उनके साढ़ू भी रहते हैं। वह मार्च में लखनऊ चले गए थे, तब से फ्लैट बंद था। एक जुलाई को शमशाद के पास साढ़ू के पड़ोसियों का फोन आया कि फ्लैट का ताला टूटा हुआ है। शमशाद ने सेक्टर के सुरक्षाकर्मियों को सूचना दी और फ्लैट पर गए तो दरवाजे, अलमारी व लॉकर के ताले टूटे हुए थे। लॉकर से बदमाश तीन लाख की जूलरी व दो लाख की नकदी चुराकर ले गए।
पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस की कार्यशैली को लेकर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस बड़े मामलों का खुलासा नहीं कर पा रही है। जलवायु विहार में पांच लाख की चोरी के पहले इसी सेक्टर में एक वकील के घर पचास लाख रुपये से अधिक की जूलरी-नकदी चुरा ली गई थी। इससे पहले थाना क्षेत्र की अट्टा मार्केट में दुकान से 19 लाख की जूलरी दिनदहाड़े चुरा ली गई थी, लेकिन अब तक अपराधियों का सुराग सेक्टर-20 पुलिस नहीं लगा पाई है।