डुमरियागंज। रोशनी और खुशी का पर्व दीपावली मंगलवार को डुमरियागंज तहसील क्षेत्र में धूमधाम से मनाया गया। धनतेरस की रात से शुरू हुआ जश्न तीन दिन तक जारी रहा। हर तरफ मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की जय-जयकार और पटाखों की गूंज सुनाई देती रही। नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के गली-मोहल्ले रंग बिरंगी लाइट और दीये और मोमबत्ती की चकाचौंध रोशनी से जगमगाते रहे।
तहसील मुख्यालय, बैदौला, बेंवा चौराहा, हल्लौर, भवानीगंज, बयारा, मोतीगंज, भारतभारी, शाहपुर, अगया, चौखड़ा, बढ़नीचाफा सहित पूरे क्षेत्र में दीपावली का त्योहार सोमवार और मंगलवार को बड़े ही धूमधाम से सामूहिक रूप से मनाया। बाजार से लेकर रिहायशी इलाकों में दिवाली के जश्न का माहौल हर तरफ बना रहा। मिठाई से लेकर लोगों ने एक-दूसरे को इस त्योहार की बधाई देने के लिए उपहार वितरित किए। डुमरियागंज नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र में जमकर आतिशबाजी हुई।
सोमवार और मंगलवार की शाम को लक्ष्मी की पूजा के बाद शुरू हुआ जश्न देर रात तक चलता रहा। इस दौरान हवा में आतिशबाजी की भी आवाज गूंजती रही। बच्चों का उत्साह देखने लायक था शाम ढलते ही हाथों में फुलझड़ी और अनार लेकर उसे जलाने में जुट गए थे। प्रशासन की ओर से दीपावली को लेकर क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे। एसडीएम डॉ. राजेश कुमार, तहसीलदार रविकुमार यादव, सीओ बृजेश वर्मा, थाना प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव, एसआई मनोज पटेल सहित पूरा प्रशासनिक अमला सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहे।
उधर बढ़नी में नगर व नेपाल के कृष्ण नगर में दीपावली हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाई गई। मां लक्ष्मी की प्रतिमाओं के स्थापित होते ही पूरा नगर भक्ति और श्रद्धा में डूब गया। श्रद्धालुओं ने दीप जलाकर मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की आराधना की।
नेपाल से आए अनेक श्रद्धालु बढ़नी नगर पहुंचे और मंदिरों व प्रतिमा स्थलों पर दर्शन-पूजन किया। दीपावली के शुभ अवसर पर बाजारों में भारी चहल-पहल देखने को मिली। स्वर्ण व्यापारी त्रियुगीनाथ अग्रहरि ने बताया कि इस वर्ष सोने-चांदी के दाम अधिक होने से ग्राहकों की संख्या में कुछ कमी रही, लेकिन कुल मिलाकर व्यवसाय संतोषजनक रहा। वहीं, कपड़ा व्यवसायी नंदकुमार ने बताया कि नेपाल से बड़ी संख्या में ग्राहकों के आने से इस बार कपड़ों का कारोबार भी अच्छा रहा। उन्होंने कहा कि दीपावली के मौके पर हर साल कपड़ा बाजार में रौनक रहती है और इस बार भी वही उत्साह देखने को मिला।ं