नोएडा। सेक्टर-93 में शुक्रवार शाम को बिजलीघर के समीप एक जर्जर खंभे को ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे खंभे पर चढ़ा लाइनमैन गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि सड़क पर खड़े दोस्त की मौत हो गई।
एटीएस सोसाइटी के समीप जंग लगने से बिजली का खंभा टेढ़ा हो गया था। इसे ठीक करने के लिए लाइनमैन सोहन उर्फ सोनू मौके पर गया था। सोनू के साथ नगली झीनी निवासी पूर्व संविदा कर्मी लाइनमैन कायम सिंह उर्फ मोंटी भी मौजूद था। सोनू बिजली के खंभे पर चढ़कर भार कम करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक ट्रक ने खंभे में टक्कर मार दी। इससे सोनू नीचे गिर गया, जबकि खंभा कायम पर गिरा। दोनों घायलों को निजी अस्पताल में ले जाया गया जहां मोंटी की मौत हो गई, जबकि सोनू की हालत गंभीर है।
एक के बाद एक कई खंभे गिरे
सेक्टर-93 में हादसे के बाद चंद सेकंड में ही कई अन्य खंभे भी गिर गए। इससे आसपास के इलाकों की बिजली गुल हो गई। राहगीरों के अलावा नजदीकी सोसाइटियों में रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। नीलू ने बताया कि जंग लगे खंभे जानलेवा होे सकते थे, शुक्र है कि उस समय सड़क पर ज्यादा आवाजाही नहीं थी। इस घटना के बाद शहर भर में सोशल मीडिया पर जर्जर खंभों को लेकर लोगों ने विद्युत निगम के अधिकारियों की कार्यशैली पर भी नाराजगी जताई।ं