फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पांच छात्र-छात्राओं समेत सात को मारी टक्कर, तीन की मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात दो हादसों में पांच छात्र-छात्राओं सहित सात लोगों को अनियंत्रित डंपर और कार ने टक्कर मार दी। इससे गलगोटिया कॉलेज के एक छात्र और प्राधिकरण के ठेकेदार के दो कर्मचारियों की मौत हो गई। घायल छात्र-छात्राओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार और डंपर चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज आदि की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही है।
विज्ञापन

पुलिस के अनुसार, शनिवार रात 11 बजे गलगोटिया व नॉलेज पार्क स्थित अन्य कॉलेजों के दो छात्र और तीन छात्राएं अल्फा-1 कामर्शियल गोलचक्कर के पास पिज्जा खाने के बाद सड़क पार कर डेल्टा-1 की ओर जा रहे थे। पांचों सड़क किनारे चल रहे थे, तभी एक कार ने पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद चालक कार लेकर फरार हो गया। हादसे में मूलरूप से आगरा निवासी आयुष शर्मा (23) की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि अंजली, ईशा, वैष्णवी और आदित्य घायल हो गए। चारों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इधर, बीटा-2 क्षेत्र के चुहड़पुर अंडरपास के पास ग्रेनो प्राधिकरण के ठेकेदार के दो कर्मचारी रात में पेड़-पौधों में पानी डाल रहे थे। इस दौरान तेज रफ्तार डंपर ने दोनों कर्मचारियों को कुचल दिया। हादसे में ईकोटेक-1 थाना क्षेत्र के बरसात गांव निवासी पुनीत और बुलंदशहर के सिकंदराबाद निवासी आजाद की मौत हो गई। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश कर रही है। दोनों हादसों की जांच के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज जुटाए जा रहे हैं। कुछ संदिग्ध कारें फुटेज मेें कैद हुई हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
विज्ञापन

बहन की शादी से लौटा था आयुष
अल्फा-1 चौकी प्रभारी केदार ने बताया कि आयुष मूलरूप से आगरा के शाहगंज का रहने वाला था। कुछ दिन पहले वह बहन के विवाह में गया था। परिजनों ने उससे कहा था कि सोमवार को कॉलेज खुलेगा। इस कारण सोमवार को ही यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते आगरा से ग्रेनो चले जाना, लेकिन आयुष पहले ही आ गया था। छात्र प्रशांत ने बताया कि घायलों में सबसे पहले ईशा को होश आया तो उसने बताया कि वह सभी सड़क किनारे चल रहे थे। रास्ता काफी चौड़ा था और खाली था। अचानक कार ने पीछे से टक्कर मार दी। सभी छात्र आदित्य के डेल्टा-1 स्थित पीजी जा रहे थे। अंजली गामा-1 और वैष्णवी व ईशा नोएडा सेक्टर-42 में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। आदित्य मूलरूप से बिहार के बेगुसराय, अंजलि व ईशा जौनपुर और वैष्णवी प्रतापगढ़ की रहने वाली है। अंजलि और आदित्य जीएल बजाज इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी में एमबीए प्रथम वर्ष व वैष्णवी यूनाइटेड कॉलेज से बीटेक कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें