-आईटीआई से निकलने वाले 10 हजार से अधिक छात्रों को मशहूर कंपनियों में मिलीं नौकरियां
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार छात्रों के स्टार्टअप में 40 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। बजट भाषण में वित्त मंत्री आतिशी ने बताया कि बिजनेस ब्लास्टर्स के तहत साल 2023-24 में 2 लाख 40 हजार छात्रों ने लगभग 38 हजार टीमें बनाकर अपने बिजनेस आइडिया पर काम किया है। दिल्ली में युवाओं को स्किल्ड और जॉब रेडी बनाने की दिशा में आईटीआई महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वर्तमान में 19 आईटीआई चला रही है। पिछले साल आईटीआई से निकलने वाले 10 हजार से अधिक छात्रों को मशहूर कंपनियों में नौकरियां मिली है।
उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार की यूनिवर्सिटीज में पढ़ने वाले छात्रों को अच्छी नौकरियां मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि आंत्रप्रेन्योरशिप ही देश की बेरोजगारी को कम कर सकता है। इस दिशा में 2019 में स्कूलों में आंत्रप्रेन्योरशिप माइंडसेट करिकुलम की शुरुआत की थी। इसमें प्रैक्टिकल कंपोनेंट बिजनेस ब्लास्टर्स के तहत दिल्ली सरकार के स्कूलों में 11वीं और 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले बच्चों को 2 हजार रुपये का सीड मनी दिया जाता है। जिससे वो अपने सहपाठियों के साथ मिलकर कोई छोटा स्टार्टअप शुरू कर सकें।
-
85 प्रतिशत रहा प्लेसमेंट पैकेज रहा आईजीडीटीयूडब्ल्यू में
दिल्ली स्किल एंड आंत्रप्रेन्योरशिप यूनिवर्सिटी में 18 हजार 529 छात्र स्किल रिलेटेड कोर्स पढ़ रहे है। इस वर्ष छात्रों को 10 लाख तक का सालाना पैकेज भी मिला है। वहीं, 2023-24 में इंदिरा गांधी दिल्ली टेक्निकल यूनिवर्सिटी फॉर वीमेन (आईजीडीटीयूडब्ल्यू) में प्लेसमेंट रेट 85 प्रतिशत रहा। इस वर्ष यहां उच्चतम सैलरी पैकेज 82 लाख रुपये रहा है। आईआईआईटी दिल्ली में प्लेसमेंट रेट 75 प्रतिशत रहा। यहां उच्चतम पैकेज 49 लाख रुपये रहा। एनएसयूटी में प्लेसमेंट 2023-24 में 75 प्रतिशत रहा। इस वर्ष यहां का 80 लाख का पैकेज गया है।
-
9 साल में शिक्षण प्रक्रिया में किया बदलाव : आतिशी
आतिशी ने बताया कि पिछले 9 साल में दिल्ली सरकार की यूनिवर्सिटीज में पढ़ने-पढ़ाने की प्रक्रिया में बदलाव किए हैं। मौजूदा समय की जरूरतों को समझते हुए इनमें रोबोटिक्स, आर्टिफिशयल इंटेलिजेंस, बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन, डिजाइन, आर्किटेक्चर, ऑटो-मोबाइल इंजीनियरिंग आदि के क्षेत्र में कई आधुनिक डिग्री और डिप्लोमा कोर्स शुरू किए हैं, ताकि युवा आने वाले कल की इकोनॉमिक के लिए तैयार हो सके।
शार्क टैंक में मिली जगह
उन्होंने बताया कि आईआईटी दिल्ली में पढ़ने वाले अनंत शर्मा ने 2019 में अपनी ग्रेजुएशन के दिनों में ही ट्वीक लैब्स नाम का स्टार्टअप शुरू किया था। यह एक नए किस्म की स्पोर्ट्स तकनीक का आविष्कार था। इनकी कम्पनी ने तरक्की कर मशहूर बिजनेस शो शार्क टैंक में जगह मिली है। इस दौरान उन्होंने 60 लाख रुपये की फंडिंग प्राप्त की है।