- एस्टर गोल चक्कर पर आरएमसी वाहन ने बाइक सवार को कुचला
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। शहर में अलग-अलग स्थानों पर हुए तीन सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों मामलों में संबंधित थानों की पुलिस ने अज्ञात चालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-3 स्थित एस्टर गोल चक्कर पर 26 सितंबर को करीब दोपहर दो बजे हादसा हुआ। मूलरूप बंगाल निवासी और वर्तमान में सेक्टर-142 नोएडा में रहने वाले नूर हसन मिया के अनुसार उनका करीब 35 वर्षीय बेटा इकरामुल मिया जरूरी काम से गाजियाबाद जा रहा था। इसी दौरान आरएमसी वाहन के चालक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। आरोप है कि टक्कर के बाद वाहन इकरामुल के ऊपर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। इकरामुल परिवार का इकलौता कमाने वाला था। उसके पीछे गर्भवती पत्नी सरजिना खातून और दो छोटे बच्चे हैं। बिसरख कोतवाली पुलिस की ओर से इस बात की जांच की जा रही है कि बाइक सवार ने हेलमेट लगाया था कि नहीं।
वहीं तिलपता स्थित आईसीडी कंटेनर डिपो के सामने 17 सितंबर को ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से घायल नरोत्तम सिंह की 25 सितंबर को इलाज के दौरान मौत हो गई। भाई मुकेश कुमार के मुताबिक वह नरोत्तम को बाइक पर बैठाकर भंगेल से गांव जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। नरोत्तम सड़क पर गिर गए और उनका पैर ट्रैक्टर के पहिये के नीचे आ गया। सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
वहीं मोजर बेयर गोल चक्कर पर 23 सितंबर को सड़क पार कर रहे 27 वर्षीय मन्टू कुमार यादव को एक ऑटो ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर घायल मन्टू का यथार्थ अस्पताल में इलाज चल रहा है। पिता मदन यादव की तहरीर पर सूरजपुर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। वहीं कोतवाली प्रभारी संजय सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।