ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट के निवासियों ओर खरीदारों में बिल्डरों के उत्पीड़न के प्रति रोष बढ़ता जा रहा है। रविवार को विभिन्न सोसाइटियों और परियोजनाओं के खरीदारों व निवासियों ने जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान रजिस्ट्री कराने, फ्लैट पर कब्जा और सुविधाएं देने की मांग की गई। सभी जगह चेतावनी दी गई है कि जब तक मांग पूरी नहीं होंगी, तब तक प्रदर्शन जारी रखा जाएगा।
तीन हजार निवासियों ने एक साथ खोला मोर्चा
ग्रेनो वेस्ट की इको विलेज एक, दो और तीन के निवासियों ने एक बार फिर बिल्डर के खिलाफ मोर्चा खोला। एक साथ करीब तीन हजार निवासियों ने प्रदर्शन किया और बिल्डर से फ्लैटों की रजिस्ट्री कराने की मांग की। निवासियों का कहना है कि चार साल से बिल्डर रजिस्ट्री कराने का झूठा आश्वासन दे रहा है। हर साल रजिस्ट्री शुल्क बढ़ रहा है। इससे अतिरिक्त भार पड़ेगा। घर बेच नहीं सकते। सुविधाएं भी नहीं मिल रही हैं। सूचना पहुंची पुलिस ने बिल्डर को बुलाकर इको विलेज दो सोसाइटी में बैठक कराई। निवासियों ने रजिस्ट्री नहीं होने तक मेंटेनेंस शुल्क नहीं देने की मांग की। बिल्डर ने मेंटेनेंस शुल्क पर फैसला लेने पर सोमवार तक का समय मांगा है।
दस साल से कर रहे घर मिलने का इंतजार
ग्रेनो वेस्ट के रुद्रा पैलेस हाइट्स प्रोजेक्ट के खरीदारों ने कब्जा नहीं मिलने पर बिल्डर के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। खरीदारों का कहना है कि दस साल पहले फ्लैट खरीदा था, लेकिन अब तक कब्जा नहीं मिला है। बिल्डर हाल ही में पैरोल पर जेल से बाहर आया है। रविवार को बिल्डर ने खरीदारों से झूठे वादे किए। खरीदारों ने चेतावनी दी है कि जल्द काम शुरू नहीं हुआ तो फिर बिल्डर को खामियाजा भुगतना पड़ेगा। यूपी रेरा या एनसीएलटी की मदद से अन्य बिल्डर से प्रोजेक्ट को पूरा करवाएंगे। मौके पर नेफोवा के अध्यक्ष अभिषेक कुमार, शशि गोपाल, सागर शर्मा समेत अन्य खरीदार मौजूद रहे।
बिल्डर और प्राधिकरण का पुतला जलाया
ग्रेनो वेस्ट की मेफेयर रेजीडेंसी सोसाइटी के निवासियों ने बिल्डर और ग्रेनो प्राधिकरण के खिलाफ प्रदर्शन किया। निवासियों ने सोसाइटी के अंदर मार्च निकालकर बिल्डर और प्राधिकरण का पुतला जलाया। इनका कहना है कि बिल्डर ने अब तक रजिस्ट्री नहीं की है। सुरक्षा व्यवस्था, बिजली और पानी की व्यवस्था नहीं है। निवासी सुविधा मांग रहे हैं, लेकिन बिल्डर सुनने को तैयार नहीं है। चार सप्ताह से प्रदर्शन कर रहे हैं। मांग पूरी होने तक प्रदर्शन जारी रहेगा।
रजिस्ट्री और सुविधाएं नहीं मिलने से परेशान
ग्रेनो स्थित मिग्सन ग्रीन मैनसन सोसाइटी के निवासियों ने बिल्डर और यूपी राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) के खिलाफ प्रदर्शन किया। साथ ही कार्रवाई नहीं होने पर आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने की चेतावनी दी है। प्रदर्शन में महिला और बच्चे भी शामिल थे। निवासियों का आरोप है कि अब तक बिल्डर ने रजिस्ट्री नहीं की है। इसके अलावा अन्य सुविधाएं भी नहीं दी हैं। मेंटेनेंस शुल्क भी ज्यादा लिया जा रहा है। मौके पर शैलेंद्र सिंह, सुशील शर्मा, प्रशांत ठाकुर, विनीत प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।
नहीं चला जनरेटर, निवासियों ने किया प्रदर्शन
ग्रेनो वेस्ट की विक्ट्री वन सेंट्रल सोसाइटी के निवासियों ने भी बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन किया। आरोप है कि शनिवार रात करीब 12 बजे बिजली जाने के बाद जनरेटर नहीं चला। करीब एक घंटे तक निवासी अंधेरे में रहे। निवासियों ने अन्य समस्याओं को भी दूर करने की मांग की। कहा कि टावर में दूसरी लिफ्ट नहीं है। जनरेटर पुराना है। उसे बदला जाए। चारदीवारी को पूरा कराने समेत अन्य समस्याओं को रखा।