नोएडा। अप्रैल-2020 यानी करीब 15 महीने के बाद जिले के लिए पहली बार राहत भरी खबर है। बृहस्पतिवार को जारी दैनिक आंकड़ों की रिपोर्ट में कोरोना से एक भी मरीज संक्रमित नहीं हुआ है। जबकि तीन लोग ठीक होकर घर लौट गए। फिलहाल, जिले में 28 सक्रिय मरीजों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। अब तक 62,674 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
जिले में 8 मार्च 2020 को कोरोना का पहला मामला सामने आया था। महामारी के शुरुआती दौर में अप्रैल तक आंकड़ों में उतार-चढ़ाव जारी रहा। पिछले साल मार्च और अप्रैल में संक्रमण की रफ्तार धीमी रही। इस बीच कई बार जिले में मरीजों की संख्या शून्य दर्ज की गई। हालांकि, मई-2020 से लेकर अब तक संक्रमित का न्यूनतम आंकड़ा कई बार एक तक सीमित रहा, लेकिन ऐसा कोई दिन नहीं रहा जब कोई नया संक्रमित न मिला हो।
स्थिरता तीसरी लहर की आहट तो नहीं
जुलाई में कोरोना संक्रमण के नए मामलों में स्थिरता बनी हुई है। इसे तीसरी लहर की आहट से जोड़कर भी देखा जा रहा है। वहीं, जानकारों का मानना है कि टेस्टिंग कम होने का भी असर है कि नए संक्रमित दर्ज नहीं हो पा रहे हैं। पिछले साल नवंबर से इस साल मार्च तक कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी के बाद अप्रैल में अचानक आई दूसरी लहर ने स्थिति को भयावह बना दिया था। हालांकि, संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तैयारियों का दावा कर रहा है।
एक माह में कोई मौत नहीं
कोरोना से जिले में पहली मौत पिछले साल 6 मई को हुई थी। मौत का आंकड़ा 466 तक पहुंच गया है। हालांकि, करीब 39 दिनों में एक भी मौत नहीं हुई है। जिले में संक्रमितों की मौत का अंतिम मामला 13 जून को सामने आया था।
70% बढ़े संक्रमित, 24% बढ़ा मौत का आंकड़ा
कोरोना की पहली लहर के मुकाबले दूसरी लहर में संक्रमितों का आंकड़ा करीब 70 फीसदी बढ़कर 63,168 पर पहुंच गया। वहीं, मौत का आंकड़ा करीब 24 फीसदी बढ़कर 466 तक पहुंच गया। हालांकि, संक्रमण की रफ्तार धीमी पड़ गई है, लेकिन इसका पूरी तरह खात्मा नहीं हुआ है। ऐसे में सतर्कता और सावधानी ही तीसरी लहर से बचने का तरीका है।
ऐसे बढ़ते रहे मरीज
पहली लहर
कुल संक्रमित मौत स्वस्थ
26,100 91 25,678
दूसरी लहर
37,068 375 36,993