नोएडा से भाजपा प्रत्याशी पंकज सिंह ने मंगलवार को नामांकन पत्र दाखिल किया। नोएडा विधायक पंकज सिंह के पास करीब पांच करोड़ की अचल और चल संपत्ति है, लेकिन इनके पास अपनी कार नहीं है। उनके पास पीजीडीएम की डिग्री है। पंकज की पत्नी का प्रोफाइल भी काफी दिलचस्प है और उनके शौक भी जरा हटकर हैं।
आपको बता दें कि नोएडा के वर्तमान विधायक पंकज सिंह की पत्नी सुषमा सिंह के पास चार हथियार हैं। उन्हें हथियारों का शौक इसलिए है क्योंकि सुषमा सिंह शूटिंग कोच हैं। उनके नाम पर एनपीबी रिवॉल्वर नंबर सीडीडब्ल्यू 0991, एनपीबी पिस्टल बी 19656, डीबीबी गन नंबर 2496 और 12 बोर की गन नंबर 162545 है।
कॉमनवेल्थ गेम्स 2006 में जीता गोल्ड
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की बहू सुषमा सिंह पूर्व शूटर और 2006 के मेलबर्न कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल विजेता भी हैं। सुषमा नामी शूटर जसपाल राणा की बहन हैं। उनके पिता भाजपा नेता नारायण सिंह राणा भी शूटर रहे हैं।
बड़े ही भागदौड़ में हुआ पंकज का नामांकन
नोएडा के भाजपा प्रत्याशी पंकज सिंह ने एक दिन पहले ही घोषणा की थी कि वह कोरोना संक्रमित होने से नामांकन ऑनलाइन दाखिल करेंगे। हालांकि, औपचारिकताएं इतनी ज्यादा थीं कि शुभ मुहूर्त निकलने का पूरा डर था। ऐसे में उन्होंने आननफानन में अपने घर के मंदिर में ही बैठकर नामांकन पत्र पर हस्ताक्षर किए। इसके बाद सांसद डॉ. महेश शर्मा और महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता सूरजपुर पहुंचे और शुभ मुहूर्त में नामांकन पत्र दाखिल करा दिया।
दरअसल, पंकज को उनके पंडितों ने बताया था कि नामांकन दोपहर 1:45 बजे से पहले ही जमा होना चाहिए। इस कारण पंकज और उनकी टीम ने ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया सुबह से ही शुरू कर दी थी, लेकिन औपचारिकताएं इतनी थी कि काफी समय लग रहा था। इसके अलावा बार-बार पंकज से भी आईटी टीम को संपर्क करना पड़ रहा था। ऐसे में पंकज ने निर्णय लिया कि वह नामांकन भौतिक रूप से ही जमा कराएंगे।
उन्होंने तत्काल ही सांसद डॉ. महेश शर्मा को फोन किया। इसके बाद पंकज के आवास पर सांसद और महानगर अध्यक्ष पहुंचे और नामांकन पत्र लेकर चले गए। पंकज ने बताया कि अब उनका शपथपत्र बाकी रह गया है, जो उन्हें प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित होकर देना है। 21 जनवरी तक अभी नामांकन प्रक्रिया जारी रहेगी, तब तक उनका संक्रमण भी ठीक हो जाएगा। ऐसे में वह खुद ही अपना शपथपत्र दाखिल कराने जाएंगे।