नोएडा में रविवार शाम हुई मूसलाधार बारिश से जहां शहर के लोगों को गर्मी से राहत मिली है वहीं, कई सेक्टरों में बिजली गुल होने से परेशानी बढ़ गई। लोकल फॉल्ट होने से बिजली विभाग के कर्मचारी खामियों को दूर करने में जुटे रहे। उपभोक्ताओं को तीन से चार घंटे तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ा।
विद्युत निगम की ओर से शहर को नो-पावर कट जोन घोषित किया गया है। दावा है कि गर्मी और बारिश में भी उपभोक्ताओं को बिजली कटौती का सामना नहीं करना पड़ेगा। लेकिन रविवार को बारिश के चलते फाल्ट के कारण हुई बिजली कटौती से विद्युत निगम के दावे फेल हो गए। सेक्टर-63 में लोकल फॉल्ट की वजह से लोगों को परेशानी हुई। हालांकि औद्योगिक सेक्टर में अधिकांश इकाईयां बंद होने की वजह से उद्यमियों को ज्यादा दिक्कत नहीं हुई।
औद्योगिक सेक्टरों से लगे गांवों में लोगों को बिजली कटौती की समस्या का सामना करना पड़ा। मामूरा गांव निवासी रोहित नागर ने बताया कि अवकाश के दिन दिनभर में चार से पांच बार बिजली गुल हुई। शाम के समय बार-बार बिजली गुल होने से विद्युत उपकरण भी खराब हो गए। वहीं सेक्टर-71 निवासी बीके सिंह ने बताया कि बिजली कटौती की समस्या हर समय बनी रहती है। शाम के समय बारिश में तीन घंटे के लिए बिजली गुल हो गई। सेक्टर-125 रायपुर के धर्मवीर सिंह ने भी गांव में दो से तीन घंटे बिजली कटौती की समस्या बताई।
बारिश की वजह से सप्लाई व्यवस्था में कुछ दिक्कतें आईं थीं, लोकल फॉल्ट की समस्या का तत्काल प्रभाव से समाधान कराया गया। उपभोक्ताओं को हर संभव निर्बाध आपूर्ति देने का प्रयास किया जा रहा है। -संजीव कुमार वैश्य, अधीक्षण अभियंता, विद्युत निगम