- नए जमीन अधिग्रहण कानून लागू करने की मांग करते हुए किसानों ने निकाला ट्रैक्टर मार्च
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। नए जमीन अधिग्रहण कानून को लागू कराने, 10 फीसदी भूखंड देने समेत अन्य मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन अराजनीतिक ने शहर की सड़कों पर ट्रैक्टर मार्च निकाला। किसानों ने प्राधिकरण के दोनों गेटों के सामने ट्रैक्टर खड़े कर दिए। मौके पर पंचायत कर मांगे पूरी होने तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रखने का फैसला लिया। वहीं प्राधिकरण के ओएसडी समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने किसानों की कई मांगें एक सप्ताह में पूरा करने का आश्वासन दिया है।
इससे पहले सोमवार सुबह किसान प्राधिकरण के दफ्तर के नजदीक भट्टा गोल चक्कर पर एकत्र हुए। करीब 10:30 बजे किसानों का ट्रैक्टर मार्च शुरू हुआ। विप्रो गोलचक्कर से स्वर्णनगरी, पी-3 गोल चक्कर से होते हुए मार्च परी चौक पहुंचा। वहां से कॉमर्शियल बेल्ट होते हुए ग्रेनो प्राधिकरण के दफ्तर पहुंचा। किसानों ने बैरिकेड हटाकर ट्रैक्टरों को गेट नंबर दो और एक के सामने खड़े कर दिए। सर्विस रोड और मैन रोड पर रास्ता बंद करके ट्रैक्टरों को खड़ा कर दिया गया। किसान ट्रैक्टरों से उतरकर पंचायत स्थल पर पहुंच गए। धरने स्थल पर पंचायत की गई।
यूनियन के जिला प्रभारी राजकुमार तोमर ने कहा कि किसान लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं। प्राधिकरण के अधिकारी आश्वासन के नाम पर गुमराह करते रहते है। धरना स्थल पर ग्रेनो प्राधिकरण के ओएसडी हिमांशु वर्मा, एसडीएम जितेंद्र गौतम समेत अधिकारियों ने किसानों से वार्ता की। जिसमें 6 फीसदी भूखंड की मांग को लेकर अधिकारियों ने बताया कि 13 गांवों में प्रकाशन कर दिया है। हर सप्ताह में पांच गांवों में कैंप लगाकर प्रकाशन किया जाएगा। वहीं बैकलीज के मामले में अधिकारियों ने बताया कि शासन को रिपोर्ट भेज दी है। शासन से मंजूरी के बाद आगे की कार्रवाई होगी। जिस पर किसानों ने कहा कि बैकलीज में भूखंड फ्री होल्ड दिए जाए। अधिकारियों ने गांवों में शमशान घाट, स्कूल के विकास करने समेत मांगों को पूरा करने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा है।
यूनियन के जिलाध्यक्ष महेंद्र मुखिया ने कहा कि प्राधिकरण के अधिकारियों ने अपने स्तर से एक सप्ताह का आश्वासन दिया है। आश्वासन के मुताबिक मांगों को पूरा किए जाने तक अनिश्चित कालीन धरना चलता रहेगा। पंचायत को दया प्रधान, सोवरन सिंह, पवन हुर्ण, प्रकाश प्रधान, नरेंद्र मथुरापुर, शिवकुमार तोमर मथुरा समेत पदाधिकारियों ने पंचायत को संबोधित किया। पांच बजे तक किसान ट्रैक्टरों के साथ पंचायत स्थल पर जमे रहे।
भारी संख्या में पुलिस बल रहा तैनात
किसान के धरने और ट्रैक्टर मार्च को लेकर ग्रेनो प्राधिकरण के दोनों गेटों पर भारी संख्या में पुलिस और पीएसी तैनात की गई थी। पुलिस के आला अफसर मौके पर तैनात रहे। डीसीपी सेंट्रल सुनीति के नेतृत्व में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली हुई थी। मौके पर तीन बैरिकेड लगाए गए थे।
85 साल का बुजुर्ग भी पहुंचे
ग्रेटर नोएडा के मायचा गांव निवासी रामचंद्र भी धरने में शामिल होने के लिए पहुंचे। रामचंद्र ने बताया कि जमीन अधिग्रहण के नाम पर किसानों का शोषण हो रहा है। शर्तों के मुताबिक 6 फीसदी भूखंड और नए जमीन अधिग्रहण कानून का लाभ नहीं मिल रहा है। किसानों के समर्थन देने के लिए वह मौके पर पहुंचे थे।
किसानों की मांगें
- नए जमीन अधिग्रहण कानून को लागू करें
- 6 फीसदी भूखंड दिए जाएं
- लीजबैक के मामलों का निपटारा हो
- किसानों की पुरानी आबादी ज्यों की त्यों छोड़ दी जाए
- 64.7 फीसदी अतिरिक्त मुआवजा का भुगतान करने,
- परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाए
- गांवों में शमशान घाट, स्कूल और अस्पताल बनाए जाएं