खिलाड़ियों की दिक्कतें होगी दूर, जिला खेल स्टेडियम को मिले तीन कोच व बॉक्सिंग रिंग
- रिंग व कोच कि बिना प्रशिक्षण हो रहा था प्रभावित, डेढ़ सौ खिलाड़ियों को होगा लाभ
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। गौतमबुद्ध नगर जिला खेल स्टेडियम को संसाधन मिलने शुरू हो गए हैं। वित्तीय वर्ष की शुरुआत में ही जिला खेल स्टेडियम में अभ्यास करने वाले युवा खिलाड़ियों को प्रदेश सरकार ने नई बॉक्सिंग रिंग और तीन नए कोच देकर अभ्यास से जुड़ी चिंताएं दूर करने का प्रयास किया है। यहां पिछले तीन माह से खिलाड़ियों को कोच की कमी खल रही थी, जिसकी पूर्ति जिला खेलकूद प्रोत्साहन समिति से की जा रही थी। कोच व बॉक्सिंग रिंग मिलने से स्टेडियम में अभ्यास करने वाले करीब डेढ़ सौ से अधिक खिलाड़ियों को फायदा मिलेगा।
दरअसल, प्रदेश सरकार ने खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए सूरजपुर के मलकपुर गांव के समीप करोड़ों रुपये की लागत से जिला खेल स्टेडियम का निर्माण कराया है। यह स्टेडियम जिला खेल विभाग के अधीन है। यहां खेल संसाधन से लेकर कोच तक शासन स्तर से नियुक्त किए जाते हैं। जिनका करार हर साल दिसंबर में खत्म हो जाता है। इसके बाद नए सिरे से एक अप्रैल को यहां खेल प्रशिक्षकों की नियुक्ति की जाती है। इसी प्रक्रिया के तहत तीन खेलों के कोच की नियुक्ति कर दी गई है। शेष खेलों के लिए नियुक्ति भी जल्द की जाएगी। जिला उप क्रीड़ा अधिकारी अनिता नागर ने बताया कि स्टेडियम में अभी नेटबॉल, जूडो, कबड्डी, कुश्ती और बॉक्सिंग समेत अन्य खेलों की सुविधा हैं।
इन खेलों के कोच की हुई नियुक्ति :
जिला खेल स्टेडियम मलकपुर में नेटबॉल, बॉक्सिंग और जूडो के कोच की नियुक्ति एक अप्रैल से कर दी गई है। तीनों खेलों के कोच ने ज्वाइन कर लिया है और खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने में अपना योगदान देना शुरू कर दिया है।
एक सप्ताह में इंस्टॉल हो जाएगा रिंग :
जिला उप क्रीड़ाधिकारी अनिता नागर का कहना है कि स्टेडियम में मौजूद बॉक्सिंग रिंग क्षतिग्रस्त हो गया था। शासन स्तर से नया रिंग मिल गया है। इसे एक सप्ताह में इंस्टॉल करा लिया जाएगा। जिससे बॉक्सिंग के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण दिया जा सके।