फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बूस्टर डोज लगवाने केंद्रों पर पहुंचे बुजुर्गों को हुई परेशानी

विज्ञापन
विज्ञापन
नोएडा। बुजुर्गों, स्वास्थ्य कर्मियों, पुलिस कर्मियों समेत 1642 कोरोना वॉरियर्स को पहले दिन एहतियाती टीके लगाए गए। इनमें सरकारी केंद्रों पर 1110 और निजी केंद्रों पर 532 लोगों का टीकाकरण हुआ। सोमवार को टीकाकरण के लिए जिले में 81 केंद्र बनाए गए थे। एहतियाती टीके लिए पहुंचे लोग केंद्रों पर अव्यवस्था से परेशान नजर आए। नियमों में उलझे बुजुर्ग एक काउंटर से दूसरे काउंटर जानकारी के लिए भटकते रहे। वहीं कइयों को स्लॉट बुकिंग में भी समस्याएं पेश आईं। पहले दिन टीका लेने वालों में एडिशनल डीसीपी रणविजय सिंह, जिला पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट डॉ. अमित सिंह सहित कई अधिकारी शामिल थे।
विज्ञापन

सोमवार सुबह जिला अस्पताल में सुबह 10 बजे से एहतियाती टीकाकरण की प्रक्रिया शुरू हुई। लेकिन करीब साढ़े दस बजे तक ज्यादा लोग नहीं पहुंचे। हालांकि उसके बाद कतार लंबी हो गई। सबसे पहले अस्पताल के 10 स्वास्थ्यकर्मियों ने वैक्सीन लगवाई। अस्पताल में वैक्सीनेशन का बूथ एक ही होने से कई लोगों को परेशानी हुई। आशा वर्कर उषा ने बताया कि बूस्टर डोज लगाते हुए यह ध्यान रखा जा रहा है कि जिन्होंने 39 सप्ताह (9 माह) पहले दूसरी डोज लगवाई है। वही बूस्टर डोज लगवाने के लिए पात्र हैं। 60 पार उम्र के बुजुर्गों और गंभीर बीमारियों से पीड़ितों को भी बूस्टर डोज के लिए पात्र माना गया है। बूस्टर डोज के लिए कोविन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराने में भी बुजुर्गों को अड़चन आई। वहीं कुछ लोगों की दोनो डोज लगी होने के बाद भी पोर्टल पर जानकारी समय से अपलोड नहीं होने के कारण उन्हें पंजीकरण में दिक्कत हुई। साथ ही सरकारी अस्पतालों में लगी लंबी लाइनों ने बुजुर्गों को परेशान किया।
टीका केंद्रों पर जानकारी के अभाव में पहुंचे बुजुर्गों को निराश लौटना पड़ा। ममूरा निवासी अंजुम ने कहा कि 60 वर्ष से ज्यादा उम्र के लोगों को एहतियाती टीका लगाए जाने की खबर सुनकर वह अस्पताल आ गए थे। यहां आकर पता चला की अभी दूसरी डोज को 7 माह ही हुए हैं इसलिए अभी टीका नहीं लगा सकता।
विज्ञापन

वहीं स्वास्थ्य कर्मियों एवं फ्रंटलाइन वर्कर की बूस्टर डोज में अपेक्षाकृत कम दिक्कतें आई। क्योंकि ज्यादातर स्वास्थ्य कर्मी या फ्रंट लाइन वर्कर स्लॉट लेकर अपनी बारी अनुसार ही टीकाकरण के लिए पहुंचे थे। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने टीकाकरण का दायरा लगातार बढ़ाने की बात कही। एडिशनल डीसीपी नोएडा रणविजय सिंह, ने कहा कि कोविड संक्रमण को देखते हुए टीकाकरण कराना एवं निर्धारित लोगों को एहतियाती डोज लगवाना आवश्यक है। मैंने अपने साथियों को भी टीकाकरण के लिए प्रेरित किया है।
लक्ष्य 22 हजार का, 16 हजार का टीकाकरण
सोमवार को जिले में कुल 16803 लोगों का टीकाकरण हुआ। इसमें 9955 को कोविडरोधी टीके की पहली डोज एवं 4116 को दूसरी डोज मिली। वहीं निजी अस्पतालों में 641 को पहली डोज, 449 को दूसरी डोज दी गई। जबकि स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को 22,900 लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें