अधिकारियों के साथ बैठक में मौजूद उपायुक्त शक्ति सिंह।
- फोटो : Mewat
नूंह। उपायुक्त कैप्टन शक्ति सिंह ने राजस्व विभाग हरियाणा के वित्तायुक्त पीके दास के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग की। इसके बाद अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि स्वामित्व योजना के तहत जिले के जिन गांवों का कार्य लंबित है, उन्हें जल्द पूरा कर लें। इस कार्य में किसी प्रकार की कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्वामित्व योजना के तहत जिन गांवों के नक्शे तैयार किए जाने हैं, उन्हें 10 दिन के अंदर-अंदर तैयार करें। अधिकारी पूरी ईमानदार, मेहनत और लगन से इस कार्य को पूरा करवाएं। उन्होंने डीडीपीओ और बीडीपीओ को निर्देश दिए कि वे ग्राम सभा का शेड्यूल पूरा करना सुनिश्चित करें।
ड्रोन कार्य से पूर्व गांवों में करवाएं मुनादी
इससे पहले पीके दास ने वीसी के माध्यम से उपायुक्त को निर्देश दिए कि स्वामित्व योजना के तहत प्रदेशभर में द्वितीय फेज का कार्य शुरू होगा। इसके तहत ड्रोन कार्य से पूर्व गांवों में मुनादी अवश्य करवाएं। उन्होंने कहा कि गिरदावरी का कार्य अच्छे ढंग से पूरा किया जाए। इस कार्य में वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहें। उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों की एसीआर और प्रॉपर्टी रिटर्न भी भिजवाने के निर्देश दिए। उन्होंने वीसी में सीपी ग्राम और सीएम विंडो पर लंबित शिकायतों बारे में भी समीक्षा की। इस बैठक में नूंह एसडीएम सलोनी शर्मा, सीटीएम अखिलेश कुमार, तावडू तहसीलदार शालनी लाठर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।