पांच दिनों के भीतर एमसीडी बनाएगी दिशानिर्देश, फिर शुरू होगी प्रक्रिया
दुकानों की डी-सीलिंग के लिए व्यापारियों ने मेयर से की मुलाकात
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। छह साल पहले की दुकानों की डी-सीलिंग को लेकर दिल्ली के व्यापारियों ने शनिवार को मेयर शैली ओबेरॉय से मुलाकात की। मेयर ने आश्वासन दिया कि अगले पांच दिनों में एमसीडी अधिकारियों के साथ मिलकर दिशा-निर्देश बनाएंगी। एक महीने के भीतर सभी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद दुकानों को डी-सील किया जाएगा।
चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष ब्रिजेश गोयल ने व्यापारी सहयोगियों के साथ मेयर से मुलाकात की और जल्द से जल्द दुकानें डी-सील कराने की प्रक्रिया शुरू कराने की अपील की। छह साल पहले अमर कॉलोनी, डिफेंस कॉलोनी, ग्रीन पार्क, हौज खास, साउथ एक्स, ग्रेटर कैलाश और राजेंद्र नगर मार्केट में सुप्रीम कोर्ट की मॉनिटरिंग कमेटी ने दुकानें सील की थीं। 20 अक्टूबर को निगम की निगरानी समिति ने जानकारी दी कि अदालत ने लाजपत नगर की 392 दुकानें डी-सील करने का निर्णय लिया है।
व्यापारियों से मुलाकात के दौरान मेयर ने बताया कि अदालत द्वारा नियुक्त पैनल ने 2018 में सील हुई लाजपत नगर भाग-चार की 392 दुकानों को डी-सील करने का आदेश दिया है। दुकानदारों को डी-सील कराने के लिए कुछ औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। सील खुलवाने के लिए एक अंडरटेकिंग देनी होगी, जिसमें उन्हें एक सप्लीमेंट लीज डीड जमा करनी होगी। इसके अलावा जुर्माना या दुरुपयोग शुल्क का भुगतान करना होगा। पार्किंग शुल्क सहित कोई अन्य बकाया होगा तो भी भुगतान करना होगा। इसके अलावा एक संरचनात्मक स्थिरता प्रमाणपत्र जमा करना होगा।.इसके बाद दुकानें डी-सील कर दी जाएंगी।