ग्रेटर कैलाश थाना पुलिस ने तीनों को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया
भारी मात्रा में कांस्य और दूसरी धातु से बने जेवरात व सिक्के
एक युवक से तीन लाख रुपये लेकर आरोपी हुए थे फरार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। खुदाई में मिले सोने के सिक्के और जेवर बेचने के बहाने ठगने वाले गिरोह का दक्षिण जिला पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान शिव दुर्गा विहार, लकड़पुर, फरीदाबाद निवासी राजो देवी (40), किशोर कुमार (32) और कन्हैया लाल (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में कांस्य और दूसरी धातु से बने जेवर व सिक्के बरामद किए हैं। आरोपी इन्हें सोने का बताकर ठगते थे। गिरोह ने ग्रेटर कैलाश इलाके में एक युवक से तीन लाख रुपये ऐंठे थे। छानबीन के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई।
दक्षिण जिला की पुलिस उपायुक्त चंदन चौधरी के अनुसार, पीड़ित युवक के एक अस्पताल में काम करता है। दो दिसंबर को वह अस्पताल के बाहर चाय लेने गया। इस दौरान उसे एक व्यक्ति मिला। उसने बताया कि वह मजदूरी करता है। खुदाई के दौरान उसे एक किलो सोना मिला है।वह सोने को दस लाख रुपये में बेचना चाहता है। बातचीत के बाद सौदा तीन लाख रुपये में तय हुआ। आरोपी ने पीड़ित को सोना दे दिया। बाद में उसे पता चला कि आरोपियों ने पॉलिश किए हुए धातु के जेवरात दिए हैं। पीड़ित की शिकायत पर ग्रेटर कैलाश थाने में मामला दर्ज कर लिया गया। सीसीटीवी फुटेज और लोकल इंटेलीजेंस की मदद से पुलिस ने लकड़पुर फरीदाबाद से आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में नकली जेवर बरामद किए। किशोर और कन्हैया लोगों को जाल में फंसाते थे। आरोपी लोगों से कहते थे कि खुदाई के दौरान उन्हें सोना मिला है जिसे वह सस्ते दामों में बेचना चाहते हैं। आरोपी पकड़ी गई राजा देवी को चाची बताते थे। जांच के दौरान पता चला कि किशोर गुरुग्राम में भी एक मामले में शामिल रहा है। कन्हैया पर भी साकेत थाने में धोखाधड़ी का एक केस दर्ज है।