ग्रेटर नोएडा। विधानसभा चुनाव में पहली बार दिव्यांग और 80 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाता पोस्टल बैलेट से मतदान करेंगे। यह मतदान 3 और 4 फरवरी को होगा। इसके लिए 29 से अधिक टीमों का गठन किया गया है। साथ ही, इसकी सूचना राजनीतिक पार्टियों और प्रत्याशियों को भी दी जाएगी।
जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर 30 हजार से अधिक दिव्यांग और 80 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाता हैं। भारत निर्वाचन आयोग ने इस बार सभी को घर से मतदान करने की सुविधा दी है। आयोग के आदेश पर जिला प्रशासन ने घर-घर जाकर मतदाताओं से पोस्टल बैलेट से मतदान करने पर सहमति ली, लेकिन केवल 564 मतदाताओं ने घर से मतदान करने पर सहमति दी। बाकी ने बूथ पर जाकर मतदान करने को कहा है। अब प्रशासन 564 मतदाताओं का पोस्टल बैलेट से मतदान कराने की तैयारी कर रहा है।
उपजिला निर्वाचन अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव ने बताया कि 3 और 4 फरवरी को पोस्टल बैलेट से मतदान होगा। टीम घर-घर जाकर मतदान कराएगी। इसकी सूचना राजनीतिक दल और प्रत्याशियों को भी दी जाएगी।