नोएडा। थाईलैंड में बिजनेस कराने का झांसा देकर सराफ से 1.77 करोड़ रुपये ठगी की गई। पीड़ित ने शराब पिलाने के बाद अश्लील वीडियो बनाने का आरोप लगाया है। सेक्टर-24 कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक सेक्टर-22 स्थित शिवम मार्केट में भगवती ज्वेलर्स के नाम से बृजमोहन की दुकान है। उनकी दुकान पर सेक्टर-122 निवासी नीतू नागपाल पति गौरव नागपाल और मथुरा निवासी राममेहर के साथ अक्सर खरीदारी करने के लिए आती थीं। जानपहचान बढ़ने पर दोनों पक्ष एक दूसरे के लगातार मिलने लगे। आरोप है कि इसी बीच गौरव नागपाल ने बृजमोहन को थाईलैंड में बिजनेस शुरू करने का प्रस्ताव दिया। बातचीत के बाद दोनों में सहमति बन गई। आरोप है कि गौरव ने बृजमोहन से 25 अक्तूबर 2019 के बाद धीरे-धीरे कर 1.77 करोड़ रुपये ले लिए। पैसे लेने के बाद भी गौरव ने थाईलैंड में बृजमोहन का कारोबार शुरू नहीं कराया। साथ ही रकम लौटाने से इनकार कर दिया। इस बीच शराब पिलाने के बाद आरोपियों ने बृजमोहन का अश्लील वीडियो भी बना लिया था। पीड़ित ने अदालत के आदेश पर गौरव नागपाल, पत्नी नीतू नागपाल और राममेहर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।