जारचा। दादरी-बादलपुर सीमा पर एक युवक के बेेहोशी की हालत में मिलने और लूटपाट की आशंका जताने का सोशल मीडिया पर मैसेज वायरल होने के बाद दो थानों की पुलिस कई घंटे तक युवक को तलाशती रही, लेकिन युवक का अता-पता नहीं चला। वायरल मैसेज में आशंका जताई गई थी कि युवक जहरखुरानी का शिकार हुआ है और दावा किया गया कि पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। पुलिस ने लूटपाट की आशंका और सीमा विवाद को नकार दिया है। वहीं, जानकारी मिली है कि युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, रविवार को ट्विटर अकाउंट पर मैसेज वायरल कर पुलिस को सूचना दी गई कि जीटी रोड दादरी और बादलपुर कोतवाली के बॉर्डर पर एक युवक बेेहोशी की हालत में मिला है। मैसेज में युवक से लूटपाट की आशंका भी जताई गई। इसके बाद पुलिस जांच के लिए घटना स्थल पर पहुंची तो वहां पर कोई नहीं मिला। दोनों थानों की पुलिस घंटों इधर-उधर दौड़ती रही। करीब तीन घंटे बाद पता चला कि 112 की कॉल पर स्वास्थ्य विभाग की 108 एंबुलेंस उसे उठाकर ले गई। पुलिस ने युवक के नशे की हालत में पड़े होने की भी आशंका जताई। उसे सीएचसी दादरी में भर्ती करा दिया गया। हालत गंभीर होने के कारण वहां से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। युवक ने खुद को अलीगढ़ के नगला जैथरा निवासी बृजेश बताया। उसके बाद दोनों थानों की पुलिस ने राहत की सांस ली।