ग्रेटर नोएडा/जेवर। प्राचीन दाऊजी मंदिर में रविवार रात परशुराम जन्मोत्सव कार्यक्रम में मंच पर धमाका और भाजपा नेताओं की सुरक्षा में चूक का मामला 24 घंटे बाद भी उलझा हुआ है। मामले की जांच कर रही पुलिस ने अलीगढ़ के टप्पल निवासी आतिशबाज को ढूंढकर उसका वीडियो बनाया है। वहीं, कार्यक्रम आयोजकों का कहना है कि उन्होंने किसी आतिशबाज को बुक नहीं किया बल्कि कार्यक्रम की शुरुआत में आतिशबाजी का आवाज सुनकर मंच से इसका विरोध भी किया गया। पुलिस ने इस मामले में तहरीर मिलने के बाद भी कोई केस दर्ज नहीं किया है। पुलिस और फोरेंसिक टीम की जांच अधिकारियों का कहना है कि आतिशबाजी से ही टेंट फटा है।
जेवर में परशुराम जन्मोत्सव पर आयोजित समापन कार्यक्रम के दौरान तेज धमाके साथ टेंट में छेद होने के बाद भाजपा नेताओं ने सुरक्षा में चूक का आरोप लगाया था। मंच पर पूर्व मंत्री भाजपा के गौतमबुद्ध नगर सांसद डॉ. महेश शर्मा, एमएलसी श्रीचंद शर्मा और जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी मौजूद थे। मामले में आयोजकों की ओर से जेवर कोतवाली में तहरीर देकर जांच और कार्रवाई की मांग की गई थी। सांसद ने इस मामले की शिकायत पुलिस आयुक्त आलोक से भी करने की बात कही थी। पुलिस ने गहनता से जांच की और फोरेंसिक टीम से भी जांच कराई गई। वहीं, कार्यक्रम स्थल के बाहर आतिशबाजी छोड़ने वाले आतिशबाज को अलीगढ़ के टप्पल जाकर पुलिस टीम ने ढूंढा। पुलिस ने उससे बात कर वीडियो रिकार्डिंग भी गई।
पुलिस, नेता और आयोजकों के बयान में विरोधाभास
घटना को लेकर पुलिस और भाजपा नेता के बयानों में भेद सामने आ रहा है। पुलिस कार्यक्रम के समापन के दौरान आतिशबाजी की बात कर रही है। जबकि भाजपा नेताओं का कहना है कि आतिशबाजी कार्यक्रम के शुरुआत में हुई थी। जबकि धमाका कार्यक्रम के बीच में हुआ। इसके चलते कार्यक्रम रोकना पड़ा।
तीन लोगों ने 2400 रुपये में किया बुक
मामले की पुलिस व फोरेंसिक टीम ने गहनता से जांच की है। अब तक की जांच में आतिशबाजी के दौरान सुतली बम का टुकड़ा टेंट पर गिरने की बात सामने आई है। टप्पल जाकर आतिशबाज से बात की गई। उसने तीन लोगों के 2400 रुपये में बुक कर जेवर लाने की बात कही है। - विशाल पांडेय, एडीसीपी ग्रेटर नोएडा जोन
नहीं बुलाया आतिशबाज, मंच से किया विरोध
मंदिर प्रबंध समिति के द्वारा परशुराम जन्मोत्सव आतिशबाजी के लिए किसी भी आतिशबाज को बुक नहीं किया गया। जब आतिशबाजी की आवाज आई तो मंच से विरोध कर इसे बंद करने के लिए कहा गया। पुलिस को लिखित शिकायत की गई है जांच से सब स्पष्ट हो जाएगा। - शिवकुमार शर्मा, अध्यक्ष श्री परशुराम युवा सेवा समिति जेवर
आयोजकों की तरफ से मामले की शिकायत पुलिस को दी जा चुकी है। जांच में जल्दबाजी की आवश्यकता नहीं है गहनता से जांच करते हुए मामले की तह तक जाना चाहिए, जल्दबाजी में कहीं कोई आरोपी छूट ना जाए। जो धमाका हुआ था उसकी गहराई तक जाकर उसे छोड़ने वाले दोषी को सामने लाना अति आवश्यक है।
- अमित चौधरी जिला पंचायत अध्यक्ष