फोर्टिस अस्पताल के बाथरूम में पड़ा फॉल्स सीलिंग का हिस्सा।
नोएडा। सेक्टर-62 स्थित फोर्टिस अस्पताल के प्राइवेट कमरे के बाथरूम में फॉल्स सीलिंग का हिस्सा टूटकर गिर गया। इस दौरान कमरे में मौजूद मरीज की पत्नी को चोट लगने से बच गई। पत्नी का आरोप है कि छत से पानी टपकने की शिकायत बार-बार की जा रही थी, लेकिन अस्पताल प्रशासन ने कमरा नहीं बदला। सेक्टर-30 निवासी शीतल कालरा ने बताया कि पति दस दिनों से अस्पताल के प्राइवेट रूम में भर्ती हैं। कमरे की छत से पानी टपकने की शिकायत लगातार की जा रही थी। इसके बाद भी उनको दूसरे कमरे में शिफ्ट नहीं किया गया। कुछ दिन पहले ही फॉल्स सीलिंग की मरम्मत कराई गई थी।
इस दौरान कमरे में गंदगी फैल गई थी। वहीं, पैर फिसलने से सिर में चोट भी लग गई थी। रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे अचानक बाथरूम से तेज आवाज आई। अंदर जाकर देखा तो फॉल्स सीलिंग का हिस्सा पड़ा था। कुछ देर पहले ही वह बाथरूम से निकली थीं। हालांकि, इस हादसे के बाद पति को दूसरे कमरे में शिफ्ट कर दिया गया हैं। वहीं, अस्पताल प्रशासन का कहना है कि एसी की एयर हैंडलिंग यूनिट से पानी का रिसाव हो रहा था। जिसकी मरम्मत करा दी गई थी। रविवार को बाथरूम में फॉल्स सिलिंग का छोटा सा बोर्ड निकलकर गिरा था। किसी को चोट नहीं लगी है। नियमित रूप से रखरखाव के बावजूद ऐसा क्यों हुआ, इसका पता लगाया जा रहा है।
कोविन पोर्टल ने किया निराश, नहीं मिला स्लॉट
स्वास्थ्य विभाग लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाने के तमाम प्रयास कर रहा है। वहीं, पोर्टल की खामी के कारण लोगों को स्लॉट बुक करने में परेशानी हो रही है। रविवार को पोर्टल खुलते ही अधिकांश स्लॉट बुक हो गए। कई लाभार्थियों ने पोर्टल की गति भी धीमी होने की बात कही। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने बताया कि जन सुविधा केंद्र व साइबर कैफे में भी स्लॉट बुक करने की कोशिश करते रहे, लेकिन नहीं कर पाए। कासना निवासी विकास ने बताया कि कंपनी ने टीकाकरण कराने बाद ही आने की चेतावनी दी है। रविवार सुबह स्लॉट बुक कराने की कोशिश की, लेकिन नहीं मिल पाया। तुगलपुर गांव में रहने वाले गौतम ने बताया कि पोर्टल पर कुछ केंद्रों की सूची अपलोड की गई है। अधिकांश पेड टीकाकरण केंद्रों की सूची पोर्टल पर दिखाई दे रही है।