पुलिस ने कई घंटे की तलाशी के बाद सूचना को झूठा करार दिया
ईमेल से भेजी गई थी सूचना, पुलिस कर रही मामले की जांच
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। स्कूलों में बम की फर्जी सूचना देने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब बृहस्पतिवार को आरकेपुरम स्थित लाल बहादुर शास्त्री स्कूल में बम की सूचना से हड़कंप मच गया। स्कूल प्रशासन को ई-मेल भेजकर सूचना दी गई। कई घंटे की तलाशी के बाद सूचना को झूठा करार दिया गया। आरकेपुरम थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त मनोज सी ने बताया कि आरके पुरम के सेक्टर-3 स्थित स्कूल में बम की सूचना सुबह 8.25 बजे मिली थी। स्कूल प्रशासन को बम अलर्ट के संबंध में ईमेल प्राप्त हुआ था। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। स्कूल को तुरंत खाली कराया गया। कई घंटे की तलाशी के बाद स्कूल में कहीं कुछ नहीं मिला। स्कूल में परीक्षा थी। बम की सूचना को झूठा करार देने के बाद परीक्षा निर्धारित समय पर हुई।
बम होने की सूचनाएं
. 16 मई- साकेत के पुष्प विहार में स्थित अमृता पब्लिक स्कूल में बम की सूचना ईमेल से मिली थी।
. 26 अप्रैल-मथुरा रोड स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल को ई-मेल से बम की धमकी मिली थी।
. 12 अप्रैल - डिफेंस कॉलोनी स्थित इंडियन पब्लिक स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी।