पार्ट टाइम नौकरी के नाम पर दो युवतियों से 50 लाख ठगे
- एक पीड़िता से जालसाजों ने 28 बार में ट्रांसफर कराई रकम
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। पार्ट टाइम नौकरी कर लाखों रुपये कमाने का झांसा देकर जालसाजों ने दो युवतियों से करीब 50 लाख रुपये की ठगी कर ली। दोनों पीड़ितों ने मामले की शिकायत साइबर थाने में दी है। पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है।
भंगेल निवासी निकिता ने पुलिस को बताया है कि उनके साथ 21 लाख 10 हजार रुपये की ठगी हुई है। जालसाजों ने कुल 28 बार अपने खाते में रकम ट्रांसफर कराई है। जब और पैसे निवेश करने का दबाव बनाया तो उन्हें ठगी की आशंका हुई। पैसे वापस मांगने पर जालसाजों उन्हें टेलीग्राम ग्रुप से बाहर कर दिया और उनका नंबर ब्लॉक कर दिया। वह ऑनलाइन पार्ट टाइम नौकरी तलाश करने के चक्कर में जालसाजों के निशाने पर आईं थीं।
जालसाजों ने उन्हें मैसेज भेजकर ऑनलाइन टास्क रकम देने का लालच दिया था। विश्वास जीतने के लिए कुछ समय तक कुछ धनराशि दी भी, लेकिन उन्हें क्या पता था कि फिर निवेश के नाम पर उनसे इतनी बड़ी रकम ऐंठ ली जाएगी। इसी तरह एक अन्य मामले मेें सेक्टर-75 निवासी कृतिका श्रीवास्तव से भी जालसाजों ने 29 लाख रुपये डिजिटल मार्केटिंग के नाम पर ठग लिए। इस मामले में भी साइबर क्राइम थाना पुलिस जांच कर रही है।