Pakistani fast bowler Hasan Ali's wife is getting threats, family worried, Mewat's Samia Arzoo married Hasan Ali on 20 August 2019 in Dubai
नगीना। हिंदुस्तान ही नहीं बल्कि पाकिस्तान में भी इन दिनों क्रिकेटर हसन अली, पत्नी सामिया आरजू और उनकी बेटी पर आलोचक निशाना साध रहे हैं। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाड़ी हसन अली और उनके परिवार को सोशल मीडिया पर धमकियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे हरियाणा के मेवात में बसा सामिया आरजू का परिवार चिंतित है। पाकिस्तानी तेज गेंदबाज हसन अली की पत्नी मूलरूप से नूंह जिले के गांव चंदेनी से ताल्लुक रखती हैं, उनकी शादी 20 अगस्त 2019 को दुबई में हुई थी। 6 महीने की एक बेटी हेलेना हसन अली भी है।
2009 में टी-20 विश्वकप की विजेता पाकिस्तान टीम का दोबारा विश्व विजेता बनने का सपना उस वक्त टूट गया, जब पाकिस्तानी तेज गेंदबाज हसन अली से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल मैच के 19वें ओवर में मैथ्यू वेड का कैच छूट गया। इसके बाद मैथ्यू वेड ने अगली 3 गेंदों पर 3 छक्के जड़कर पाकिस्तानी टीम को फाइनल से बाहर का रास्ता दिखा दिया। ऐसे में सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी आलोचक उनकी पत्नी सामिया आरजू को भी नहीं बख्श रहे हैं। कुछ ने गद्दार तो कुछ ने ऑस्ट्रेलिया से फिक्सिंग के गंभीर आरोप लगाए। शिया मुसलमान होने के कारण उन्होंने सुन्नी मुसलमानों को शर्मसार किया। ट्वीट में यहां तक कहा गया कि हसन अली को आते ही गोली मार देनी चाहिए, क्योंकि उसने हिंदुस्तान में ससुराल होने का फर्ज निभाया है। हालांकि, हसन अली की पत्नी शामिया आरजू ने शनिवार को कहा कि उन्हें और उनकी बेटी को फर्जी अकाउंट से धमकियां मिल रही हैं। सामिया आरजू के पिता पूर्व बीडीपीओ लियाकत अली खान बताते हैं कि हार और जीत खेल का हिस्सा है। हमारे देश के कप्तान विराट कोहली को भी मैच हारने के बाद यूजर्स ने भला बुरा कहा, जो अमर्यादित था बल्कि भारतीय टीम दुनिया की सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट टीम है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम ने हसन अली के प्रदर्शन को सराहा है। हमें दुख इस बात का है कि हार-जीत में मेरी बेटी को टारगेट किया जा रहा है, जबकि उसका खेल से क्या लेना देना है। खेल भाईचारा सिखाता है, लेकिन इन पाकिस्तानियों को कौन समझाए। पूर्व बीडीपीओ लियाकत अली ने बताया कि पाकिस्तान के पूर्व सांसद सरदार तुफेल खान उनके दादा के सगे भाई थे। उन्हीं की रजामंदी से सामिया और हसन का रिश्ता तय हुआ था।