ग्रेटर नोएडा/दनकौर/बिलासपुर। दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक के अप लाइन पर रविवार सुबह ओवरहेड वायर (बिजली का तार) टूट गया। इससे अप लाइन रेलवे ट्रैक बंद करना पड़ा। तार टूटते ही रेल अधिकारियों ने लाउड स्पीकर से घोषणा कर यात्रियों को रेलवे ट्रैक से नहीं गुजरने की चेतावनी दी गई। इसके बावजूद एक यात्री ट्रैक पार करते समय करंट से झुलस गया। वहीं, ट्रेनों को दूसरे ट्रैक से गुजारा गया लेकिन इसके बावजूद राजधानी समेत 20 ट्रेन प्रभावित हुईं।
जानकारी के मुताबिक हादसा कैफियत एक्सप्रेस के गुजरने के दौरान हुआ। ओवरहेड तार टूटते ही ट्रेन रुक गई। वहीं, इसी दौरान अलीगढ़ से दिल्ली जा रही ईएमयू भी काफी देर तक खड़ी रही और परेशान होकर यात्री बस से रवाना होने को विवश हुए। दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर दनकौर स्टेशन के नजदीक मंडीश्याम नगर सुबह लगभग 8 बजे फ्लाईओवर के नीचे कैफियत एक्सप्रेस के गुजरने के दौरान बिजली का तार टूटकर ट्रैक पर गिर पड़ा। इसी दौरान अलीगढ़ की ओर से दिल्ली जा रही ईएमयू ट्रेन से दनकौर स्टेशन पर उतरा वैर गांव निवासी राजपाल करंट से झुलस गया। ट्रेन से उतर कर वह स्टेशन के नजदीक अपनी दुकान पर ट्रैक पार करके जा रहा था। तार टूटने के बाद ट्रैक से गुजरने वाली ट्रेनों की रफ्तार थम गई।
तार टूटने से रेलवे के अधिकारियों में अफरातफरी मच गई। जीआरपी व आरपीएफ आदि पुलिस बल ने विद्युत आपूर्ति बंद कराकर माइक से अनाउंसमेंट कर लोगों को ट्रैक पर जाने से रोकने का प्रयास कर स्थिति को संभाला। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि तार टूटने के बाद ट्रेनों को तीसरी लाइन से निकाला गया। इसके बावजूद राजधानी समेत 20 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। शाम 4 बजे मरम्मत कार्य पूरा कर ट्रैक पर रेल यातायात सुचारु कर दिया गया था।
डेढ़ घंटे खड़ी रही ईएमयू, बस से रवाना हुए यात्री
भीषण गर्मी में रेल यातायात प्रभावित होने से ट्रेनों में सवार यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। अलीगढ़ से दिल्ली जा रहे ईएमयू यात्रियों ने कहा कि तार टूटने के बाद ट्रेन लगभग डेढ़ घंटे तक दनकौर स्टेशन पर खड़ी रही। इसके चलते अधिकांश यात्री बस से अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए। वहीं ट्रेनों के यात्री भी गर्मी में परेशानी उठाने को विवश हुए। हालांकि दनकौर रेलवे स्टेशन के अधिकारी ने अधिक ट्रेनें प्रभावित होने इनकार किया है। उनका कहना है कि तार टूटने के बाद ट्रेनों को दूसरी ट्रैक से निकाल दिया गया था।