सेक्टर-94ए स्थित अंतिम निवास में बढ़ती शवों की संख्या को देखते हुए प्राधिकरण ने व्यवस्था में बदलाव किया है। अब अंतिम निवास में सिर्फ कोविड से मरने वालों का अंतिम संस्कार होगा। बाकी के लिए शहर में चार जगह चिह्नित की गई हैं।
प्राधिकरण के महाप्रबंधक पीके कौशिक ने बताया कि कोविड को छोड़कर बाकी लोगों के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया सेक्टर-14ए शनि मंदिर के पास, बरौला स्थित पिंक मेट्रो स्टेशन के पास, सेक्टर-135 स्थित नंगली वाजिदपुर में गोशाला के पास और सेक्टर-72 होशियारपुर में सकते हैं। शनि मंदिर के लिए संजय (7017639170), बरौला के लिए मोहित (7300882687), नंगली वाजिदपुर के लिए भागवत (9971732652) व होशियारपुर में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया कराने के लिए बालकरण (9871280456) से संपर्क किया जा सकता है। इन जगह पर लोगों को जरूरी सामान भी मिलेगा।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि सामान्य रूप से मरने वालों का अंतिम संस्कार इन जगहों पर ही कराएं। अलग-अलग अंतिम संस्कार होने से भीड़ इकट्ठा नहीं होगी और इससे कोरोना संक्रमण फैलने की रफ्तार में भी कमी आएगी।
ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के (कोविड व सामान्य) सभी लोगों का अंतिम संस्कार वहीं पर होगा। इसके लिए सफीपुर स्थित ग्रेटर नोएडा मोक्ष धाम में जगह तय कर दी गई है। वहां पर व्यवस्था से संबंधित जानकारी लेने के लिए प्रबंधक जितेंद्र यादव (7838667755) से संपर्क कर सकते हैं।
प्राधिकरण ने किया सैनिटाइजेशन का इंतजाम
प्राधिकरण ने अंतिम निवास में सैनिटाइजेशन का इंतजाम कर दिया है। दिन में तीन से चार बार वाटर प्रेशर टैंकर व हैंड स्प्रे मशीन से सैनिटाइजेशन किया जा रहा है। 30 कूड़ेदान रखे गए हैं, ताकि पीपीई किट को उसमें रखा जा सके। तय एजेंसी हर दो घंटे पर इसे उठाकर सेक्टर-25 में ले जाती है।