Only one bag of urea found on Aadhar card
तावडू। क्षेत्र में खाद की किल्लत होने से किसान परेशान हैं। पहले डीएपी के लिए किसानों को घंटों लाइन में लगना पड़ रहा था, अब यूरिया की कमी कारण किसानों की चिताएं बढ़ गई हैं। शहर के पटौदी रोड पर मंगलवार को यूरिया लेने के लिए किसानों की लंबी कतारें लगी रहीं। इस दौरान सामाजिक दूरी का उल्लंघन देखने को मिला। वहीं, व्यवस्था को संभालने के लिए पुलिस का भी सहारा लेना पड़ा। खाद कम होने के कारण वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट देखने के बाद एक आधार कार्ड पर केवल एक ही यूरिया का कट्टा किसानों को दिया गया।
तावडू खंड कृषि अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि सोमवार को यूरिया के 520 कट्टे आए थे। इनमें से करीब 250 कट्टे सोमवार को ही बांट दिए गए। अब जो स्टाक पास बचा है, उसमें से प्रत्येक किसान को यूरिया का एक कट्टा दिया जा रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा किसान को खाद उपलब्ध हो सके। उन्होंने बताया कि एक-दो दिन में तावडू में 800 कट्टों की नई खेप पहुंचने वाली है। किसानों को यूरिया के लिए चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। यूरिया लेने पहुंचे क्षेत्र के किसान इरशाद, इल्यास सरपंच, साहुन, दिलदार आदि ने बताया कि फसल सिंचाई के साथ खाद डालनी जरूरी है। अब उन्होंने खेतों में सिंचाई तो कर दी है, लेकिन यूरिया उन्हें नहीं मिल पा रही है। समय निकलने के बाद वह खाद्य का क्या करेंगे। सरकार और प्रशासन से अपील है कि वह क्षेत्र के किसानों की समस्या को समझते हुए जल्द पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध कराएं।