Another accused arrested in the murder of MLA's grandson
पुन्हाना/पिनगवां। कांग्रेस विधायक मोहम्मद इलयास के 11 वर्षीय नवासे शहीम की हत्या के मामले में सोमवार को पिनगवां पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सोनू निवासी पिनगवां के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेशकर 5 दिन की रिमांड पर लिया है।
पिनगवां थाना प्रभारी ने बताया कि छठी कक्षा का छात्र शहीम की हत्या मामले का अन्य आरोपी सोनू निवासी पिनगवां को उनकी टीम ने पिनगवां के ढ़ाणा मोड़ से गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेशकर पांच दिन की रिमांड पर लिया गया है। इससे पहले आरिफ नाम के एक आरोपी को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। रिमांड के दौरान आरोपी सोनू से कई राज खुलने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि आरोपी आरिफ उर्फ काला की निशानदेही पर शहीम के बाल, हड्डियां व उसका नीले रंग का कच्छा बरामद किया जा चुका है। शहीम निवासी पिनगवां 24 अगस्त को अचानक घर से गायब हो गया था। पिनगवां पुलिस ने पिता रहीश की शिकायत पर 26 अगस्त 2021 को गुमशुदगी का मामला दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी थी। इसके बाद बच्चे के पिता रहीश ने 15 दिसंबर को दूसरी शिकायत देकर आरोप लगाया कि उसके बेटे का गांव के ही आरिफ और सोनू ने अपहरण किया है। घर से करीब 50 हजार रुपये भी गायब हैं। पुलिस ने अपहरण की धारा जोड़कर कर जांच शुरू कर दी।