नूंह। जिले में मंगलवार को 7 नए मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं 10 लोग स्वस्थ घोषित किए गए। एक संक्रमित की नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। सोमवार को भी 5 मरीज संक्रमित मिले थे। कोरोना की तीसरी लहर के दौरान अब तक 960 संक्रमित मिले हैं। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में कंटेनमेंट व स्केल डाउन के 97- 97 जोन बनाए गए हैं। अब मेडिकल कॉलेज और अन्य अस्पतालों में 11-11 मरीज उपचाराधीन है। 23 संक्रमितों को होम आइसोलेट किया गया।
नूंह में 2 के अलावा नल्हड़ मेडिकल कॉलेज, साकरस, मालब, गयासीनबास और घासेड़ा में एक-एक संक्रमित मिला। अब जिले में कुल 34 सक्रिय मरीज है। अब तक जिले में 6021 संक्रमित मिले हैं। इनमें से 5854 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं 133 लोगों की मौत हो चुकी है। जिले में रोजाना करीब 500 लोगों के कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए जा रहे हैं। अभी भी 5627 लोगों की रिपोर्ट आनी शेष है। सिविल सर्जन डॉ. सुरेंद्र यादव और जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बसंत दूबे ने बताया कि जिले में कोरोना का संक्रमण दर 6.66 फीसदी है। जबकि रिकवरी रेट 97.22 प्रतिशत है।
4560 लोगों का टीकाकरण
जिले में मंगलवार को 4560 लोगों का टीकाकरण किया गया। इनमें 721 को पहली, 3515 को दूसरी, 17 बुजुर्गों को एहतियाती खुराक और 317 किशोरों का टीकाकरण किया गया। जिले में 1087 लोगों को एहतियाती खुराक लग चुकी है। अब तक जिले में कुल 11 लाख 78 हजार से अधिक लोगों का टीकाकरण किया गया।