मौके पर चालान का भुगतान लेते ट्रैफिक कर्मी।
नोएडा। ट्रैफिक पुलिस ने मंगलवार से नियम तोड़ने वालों के मौके पर ही चालान काटने की सुविधा शुरू कर दी है। इससे चालकों को ट्रैफिक विभाग व कोर्ट के चक्कर काटने से छुटकारा मिलेगा। फिलहाल, डेबिट या क्रेडिट कार्ड से चालान का भुगतान लेने की सुविधा है। जल्द ही नकदी की भी सुविधा अपडेट की जाएगी।
डीसीपी ट्रैफिक गणेश प्रसाद साहा ने बताया कि दिल्ली से सटे होने के बाद भी नोएडा ट्रैफिक विभाग के पास मौके पर चालान का भुगतान लेने की सुविधा नहीं थी। इसी के मद्देनजर प्रदेश मुख्यालय से नोएडा ट्रैफिक विभाग को 75 प्वाइंट ऑफ सेल (पीओएस) मशीनें मिल गई हैं। इनके बारे में सभी ट्रैफिक कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। पहले दिन सात मशीनें ट्रैफिक सबइंस्पेक्टरों को सौंपी गईं और सात चालान का मौके पर ही भुगतान कराया गया। सभी मशीनें एक-एक कर दो दिनों में ट्रैफिक कर्मियों को वितरित कर दी जाएंगी। फिलहाल, डेबिट या क्रेडिट कार्ड के माध्यम से भुगतान किया जा सकेगा। कुछ दिनों में इसमें कैश भुगतान की सुविधा देने की प्रक्रिया चल रही है।