-कॉलेजों में यूजी की खाली सीटों को भरने के लिए दुबारा शुरु होने जा रही आवेदन प्रक्रिया
-अब कॉलेज अपने स्तर पर करेंगे दाखिला, 11 अक्तूबर को शुरू की जाएगी आवेदन प्रक्रिया
-सीटें खाली रहने पर कॉलेज योग्यता परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर दे सकेंगे दाखिला
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2023-24 के तहत विभिन्न कॉलेजों के विभिन्न प्रोग्राम में 2400 से अधिक सीटें खाली हैं। डीयू ने अब इन सीटों को भरने के लिए फिर से दाखिला प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। इन सीटों को भरने के लिए दाखिले मॉप अप राउंड से लिए जाएंगे। यह दाखिले कॉलेज अपने स्तर पर करेंगे। पहले कॉलेज सीयूईटी स्कोर के आधार पर दाखिला लेंगे। इसके बाद भी सीटें खाली रह जाती हैं तो कॉलेज बारहवीं (योग्यता परीक्षा) में प्राप्त अंकों के आधार पर दाखिला दे सकेंगे।
डीयू में संस्कृत ऑनर्स, बीकॉम, कुछ साइंस कोर्सेज में कुछ कॉलेजों में सीटें खाली हैं। इसके बाद से कुछ कॉलेज इन सीटों को भरने के लिए कॉलेजों को अधिकार देने के लिए कह रहे थे। जबकि कुछ छात्रों की ओर से भी दाखिले के लिए आग्रह किया जा रहा था। ऐसे में डीयू प्रशासन ने कुछ कॉलेजों के कुछ प्रोग्राम में छात्रों के दाखिले के लिए मॉप अप दाखिला राउंड शुरु करने का फैसला किया है। इसके लिए मंगलवार रात को विवि की दाखिला वेबसाइट पर शॉर्टलिस्ट कॉलेज व प्रोग्राम की खाली सीटों की जानकारी जारी की जाएगी। इन सीटों पर दाखिले के इच्छुक छात्र कॉलेज में आवेदन कर सकेंगे।
मॉप अप राउंड में आवेदन करने के लिए छात्रों को किसी प्रकार के शुल्क का भुगतान नहीं करना है। विवि ने स्पष्ट किया है कि पंजीकरण कराते समय छात्रों को इस बात का ध्यान रखना होगा कि उनके दस्तावेज अपडेट व वैध हों। पहले सीयूईटी स्कोर के आधार पर कॉलेजों को दाखिला करना है। यदि इसके बाद भी सीटें खाली रह जाती हैं तब कॉलेज छात्रों का दाखिला बारहवीं में प्राप्त अंकों के आधार पर कर सकते हैं। यदि कहीं जरूरी होगा तो कॉमन सीट आवंटन प्रणाली वाला टाई ब्रेकिंग नियम लागू होगा। डीयू ने कॉलेजों को स्पष्ट किया है कि दाखिला मंजूर करते समय उन्हें न्यूनतम योग्यता, प्रोग्राम संबंधित योग्यता, श्रेणी के दस्तावेज को जांचना होगा।
-
सुपरन्यूमेररी सीटों पर नहीं होंगे दाखिले
सुपरन्यूमेररी सीटों (स्पोर्ट्स व ईसीए कोटा) पर किसी प्रकार के दाखिले नहीं होंगे। विवि ने दाखिला संबंधी अपडेट देखने के लिए छात्रों को संबंधित कॉलेज की वेबसाइट देखते रहने की सलाह दी है। मालूम हो कि यूजी की सीटों को भरने के लिए जुलाई में प्रक्रिया शुरु हुई थी। उसके बाद से दो महीने तक तीन सीट आवंटन राउंड, दो स्पॉट राउंड व दो स्पेशल राउंड आयोजित किए जाने के बाद भी सीटें भर नहीं पाई हैं। अंतिम राउंड की प्रक्रिया 30 सितंबर को समाप्त हुई थी। प्रक्रिया लंबी न चले इसके लिए पहली सीट आवंटन सूची में ही ज्यादा सीट आवंटन किया गया था। फिर भी अंतिम स्पेशल राउंड तक भी सीटें नहीं भर पाई। इसके बाद 30 सितंबर को दाखिला प्रक्रिया को समाप्त कर दिया गया था।
-
मॉप अप दाखिला राउंड का शेड्यूल
खाली सीटों की जानकारी-10 अक्तूबर
कॉलेजों की आवेदन आमंत्रण प्रक्रिया-11-15 अक्तूबर
दाखिले की अंतिम तिथि-20 अक्तूबर