नोएडा। सेक्टर 82 स्थित स्वर्णिम विहार के एचआईजी फ्लैट के लिए भी नोएडा प्राधिकरण की ओर से नोटिस चस्पा किए गए हैं। धारा-10 के तहत जारी नोटिस के माध्यम से फ्लैट के बाहर से अतिक्रमण हटाने को कहा गया है। सेक्टर 22 के निवासियों की तरह यहां के निवासी भी इसका विरोध कर रहे हैं।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष अमित कुमार त्यागी ने बताया कि सोसाइटी के बाहर निवासियों ने अतिरिक्त निर्माण नहीं किया है, क्योंकि यहां पर फ्लैट में पहले ही बहुत जगह है और अतिरिक्त निर्माण करने की जरूरत नहीं है। यहां पर कुल 8 ब्लॉक के साथ ही 128 फ्लैट हैं इसमें 8 फ्लैट नोएडा प्राधिकरण के हैं। प्राधिकरण की ओर से 50 फीसदी फ्लैट निवासियों को नोटिस जारी हुआ है और एक महीने के भीतर अतिक्रमण हटाने के निर्देश जारी हुए हैं। अमित ने बताया कि फ्लैट निवासियों ने कबूतर, चूहे, बंदरों के साथ ही धूल और प्रदूषण से बचाव के लिए अपनी बालकनी कवर की हैं। जहां पर ग्लास विंडो और एल्यूमीनियम से कवर किया गया है। वहीं, ग्राउंड फ्लोर के कुछ फ्लैट खरीदारों ने अपनी बालकनी में दरवाजा निकाल दिया है। ब्यूरो