नोएडा प्रीमियर लीग सीजन- 2 : मुंबई, दिल्ली और चेन्नई ने जीते मैच
-नोएडा प्रीमियर लीग में अभिषेक, मनीष और रवि का दमदार प्रदर्शन
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट के एनसीआर क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे नोएडा प्रीमियर लीग सीजन-2 में रविवार को तीन मुकाबले खेले गए। पहले मैच में मुंबई पनीशर्स ने लखनऊ लेथल को नौ विकेट से, दूसरे मैच में दिल्ली पेंथर्स ने बेंगलुरु टाइगर्स को 51 रन से और तीसरे मैच में चेन्नई किंग्स ने राजस्थान वॉरियर्स को 47 रन से हरा दिया।
पहले मैच में लखनऊ लेथल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 13.4 ओवर में 127 रन बनाए और उनकी पूरी टीम आउट हो गई। सलामी बल्लेबाज विकास ने 42 और रिंकू ने 26 रन का योगदान दिया। मुंबई के गेंदबाज विनोद, मितेश, दीपक, मानवेंद्र और अंकुर ने दो-दो खिलाड़ियों को आउट किया। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई पनीशर्स की टीम ने नौ ओवर में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए एक विकेट पर 131 रन बनाकर मैच जीत लिया। सलामी बल्लेबाज अभिषेक ने 59 और आकिफ ने 49 रन की पारी खेली। अभिषेक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मैच में दिल्ली पेंथर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.1 ओवर में 128 रन बनाए और उनकी पूरी टीम आउट हो गई। मनीष ने 53 और विशाल ने 26 रन का योगदान दिया। बेंगलुरु टाइगर्स के गेंदबाज करन ने तीन और संजय व कपिल ने दो-दो खिलाड़ियों को आउट किया। बेंगलुरु की टीम 77 रन पर आल आउट हो गई। सलामी बल्लेबाज मोहित ने 33 और मन्नू ने 14 रन का योगदान दिया। मनीष ने तीन और तीरथ व सौरभ ने दो-दो खिलाड़ियों को आउट किया। हरफनमौला प्रदर्शन कर टीम जीत दिलाने वाले मनीष को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
तीसरे मैच में चेन्नई किंग्स ने 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 231 रन बनाए। विकेट कीपर बल्लेबाज रवि ने 62 और अहमद ने 56 व अजय ने 32 रन की पारी खेली। राजस्थान वॉरियर्स के गेंदबाज सचिन और पंकज ने तीन-तीन खिलाड़ियाें को आउट किया। राजस्थान वॉरियर्स की टीम 16.5 ओवर में 184 रन ही बना पाई और पूरी टीम आउट हो गई। संतोष ने 50, शिवम ने 33, दीपक ने 25, सचिन ने 24 रन का योगदान दिया। गौरव और रवि ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार-चार बल्लेबाजों को आउट किया। चेन्नई के रवि को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।