- बॉर्डर एरिया से लेकर दिल्ली से आने वाहनों की चेकिंग, मेट्रो, मॉल, मल्टीप्लेक्स से लेकर पार्किंग में पुलिस ने की जांच
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा / ग्रेटर नोएडा। दिल्ली में लाल किला के पास कार में बम धमाके के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। पुलिस की टीम बॉर्डर एरिया से लेकर अन्य संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग कर रही है। दिल्ली से आने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। मेट्रो स्टेशन से लेकर मॉल मल्टीप्लेक्स में पुलिस की टीम सघन जांच अभियान चला रही है। इसके अलावा शहर के कई हिस्से में पुलिस पैदल गश्त कर लोगों को सुरक्षा का संदेश दे रही है।
सोमवार शाम को दिल्ली में हुए धमाके के बाद नोएडा -ग्रेटर नोएडा में हाई अलर्ट के बीच पुलिस की टीम सबसे पहले बॉर्डर एरिया में सघन चेकिंग अभियान चलाया। चिल्ला बॉर्डर, डीएनडी, कालिंदी कुंज से ले कर सेक्टर-62 में वाहनों की चेकिंग की गई। डीसीपी नोएडा यमुना प्रसाद सड़क पर उतरकर पार्किंग क्षेत्र व उन बसों की जांच की। खासकर दिल्ली से नोएडा के रास्ते गंतव्य तक जा रहे निजी वाहनों और बसों की सघन जांच की गई। इसके अलावा डीएनडी और कालिंदी कुंज पर भी पुलिस की टीम ने वाहनों की जांच की। इस दौरान कुछ देर के लिए बॉर्डर एरिया में वाहनों का दबाव बढ़ गया।
सोमवार रात को शहर के भीड़ भाड़ वाले सेक्टर-18, अट्टा सेक्टर-12-22, भंगेल, बरौला से लेकर सेक्टर-37 के आसपास पुलिस की टीम अलर्ट रही और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। इसी तरह डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी व एसीपी वन सेंट्रल नोएडा वर्णिका सिंह ने सेक्टर-63 क्षेत्र के अंतर्गत मेट्रो स्टेशन व आस-पास के भीड़भाड़ वाले स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया। अधिकारियों ने थाना प्रभारी को संदिग्ध प्रतीत हो रहे वाहनों को बैरिकेडिंग लगाकर चेक करने और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखने के निर्देश दिए।
वहीं डीसीपी नोएडा यमुना प्रसाद व एसीपी प्रथम नोएडा प्रवीण कुमार ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर फुट पैट्रोलिंग करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एसीपी थ्री नोएडा ट्विंकल जैन ने सेक्टर-49 व सेक्टर-113 क्षेत्र के अंतर्गत मेट्रो स्टेशन व अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था ने बताया कि कमिश्नरेट पुलिस अलर्ट है और संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही है।
लावारिस वस्तुओं और वाहनों की दें सूचना
पुलिस ने निवासियों से लावारिस वस्तुओं, कार, अटैची आदि सामान के बारे में पुलिस को सूचना देने की अपील की है। इसके अलावा पुलिस की पिकेटिंग बढ़ाई गई है। देर रात से ही पुलिस टीमों को प्रमुख चौराहों पर तैनात कर होटल, मॉल, बाजार आदि में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
नोएडा एयरपोर्ट और टोल प्लाजा पर बढ़ाई सुरक्षा
यमुना सिटी। दिल्ली में लालकिला मेट्रो स्टेशन के पास हुए ब्लास्ट के बाद नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर टाेल प्लाजा पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस ने नाकाबंदी करते हुए वाहनों की चेकिंग की। हाई अलर्ट लागू होने के साथ ही यमुना सिटी के इलाकाें में पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी। व्यस्तता वाले क्षेत्रों में पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाते हुए क्षेत्रों को खाली कराया। प्रमुख चौक-चौराहों पर नाकाबंदी करके वाहन रोककर चेकिंग की गई। इस दौरान पुलिस ने चालक और वाहन में सवार लोगाें के पहचान पत्र की भी जांच की। पुलिस ने गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के पास भी पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। एसीपी सार्थक सेंगर ने बताया जगह-जगह चेकिंग की जा रही है। संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है। ब्यूरो