जेवर में एयरपोर्ट की चारदीवारी का काम शुरू करते कर्मचारी।
- फोटो : Grnoida
जेवर। नोएडा एयरपोर्ट की जमीन की पैमाइश होने के साथ ही 20 किमी लंबी दीवार के निर्माण का शुरू हो गया है। जहां से निर्माण शुरू हुआ है, इसी के पास शिलान्यास कार्यक्रम का आयोजन होगा। फिलहाल रन्हेरा चौकी से लेकर गांव तक निर्माण कार्य कराया जा रहा है। बाद में एयरपोर्ट के लिए होने वाली लगभग 20 किमी लंबी दीवार का काम पूरा किया जाएगा। हर 10 फीट पर आरसीसी के पिलर लगेंगे। इसके लिए जमीन के पांच फीट नीचे से स्ट्रैचर तैयार किया जा रहा है।
निर्माता कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि अभी उन जगहों को छोड़ा जा रहा है, जहां सड़क, रजवाहे और नाले आ रहे हैं। प्रथम चरण के लिए कुल 1351 हेक्टयर जमीन एयरपोर्ट निर्माता कंपनी ज्यूरिख को सौंप दी गई है। ज्यूरिख इंटरनेशनल की भारतीय कंपनी ने दीवार बनाने से पहले पूरी जमीन की तहसील व यीडा की टीम के साथ मिलकर पैमाइश कराने के बाद काम शुरू कर दिया है। सूत्रों की माने तो पैमाइश के बाद भी कुछ जगहों पर दीवार में मोड़ बन रहे हैं।
निर्माता कंपनी इन मोड़ों को खत्म करना चाहती है। जिससे एयरपोर्ट की सुरक्षा में आसानी हो सके। जानकारों की माने तो बाउंड्री को सीधा करने के दो ही रास्ते हैं या तो कुछ अधिगृहीत जमीन को बाउंड्री के बाहर छोड़ दिया जाए। यदि निर्माता कंपनी जमीन बाउंड्री के बाहर नहीं छोड़ना चाहती तो ऐसे में उसे 40 हेक्टेयर जमीन और किसानों से लेनी होगी। जेवर-झाजर मार्ग स्थित रन्हेरा चौकी के पास से बाउंड्री बनाने के कार्य शुरू किया गया है। एयरपोर्ट के लिए लगभग 20 किलोमीटर लंबी दीवार बनाई जानी है। इसकी लंबाई दोनों तरफ 6-6 किलोमीटर होगी। वहीं, चौड़ाई 4-4 किलोमीटर के आसपास है।